- अंडर-15 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता में भोपाल के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन, आज सुबह 9 बजे भोपाल और सीहोर के बीच खिताबी मुकाबला
पहली पारी में 57 रन पर सिमटी राजगढ़ की टीम
सोमवार को भोपाल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 90 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 496 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की थी। इसके जवाब में मंगलवार को बल्लेबाजी करने उतरी राजगढ़ की टीम भोपाल के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। राजगढ़ की पूरी टीम 32.2 ओवर में महज 57 रन बनाकर आउट हो गई। राजगढ़ की ओर से मयंक मेवाड़ा ने सर्वाधिक 11 रन बनाए। भोपाल की ओर से समर्थ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए, जबकि प्रयाग और केतन ने दो-दो विकेट लेकर राजगढ़ की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भोपाल के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा, जिसके चलते राजगढ़ के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रहे।
दूसरी पारी में मानवेन्द्र और आदित्य ने किया संघर्ष
पहली पारी में पिछड़ने के बाद राजगढ़ की टीम ने दूसरी पारी में संभलकर बल्लेबाजी करने का प्रयास किया। टीम ने 55 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 95 रन बनाए। राजगढ़ की ओर से मानवेन्द्र ने 43 रन और आदित्य ने 30 रन की संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। भोपाल की ओर से दूसरी पारी में प्रयाग जारिवाला ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए। भोपाल के गेंदबाजों ने पूरे मुकाबले में अनुशासन और निरंतरता के साथ प्रदर्शन किया। पहली पारी में बड़ी बढ़त और दूसरी पारी में मजबूत गेंदबाजी के दम पर भोपाल ने मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा और फाइनल का टिकट हासिल किया।
आज भोपाल और सीहोर के बीच होगा फाइनल
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार सुबह 9 बजे बीएसआई मैदान पर भोपाल और सीहोर की टीमों के बीच खेला जाएगा। सीहोर की टीम ने इससे पहले लगातार दो मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई है। वहीं भोपाल ने राजगढ़ को पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। फाइनल में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। सीहोर की टीम अपने घरेलू मैदान पर खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी, जबकि भोपाल की टीम राजगढ़ के खिलाफ मिले आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की नजरें रहेंगी।
पदाधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पर्यवेक्षक पुनीत चतुर्वेदी, बीडीसीए पर्यवेक्षक मुजीदउद्दीन, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अतुल तिवारी, कोषाध्यक्ष वीरु वर्मा, चयनकर्ता आशीष शर्मा, निर्णायक नागेन्द्र व्यास, भोपाल के कोच पंकज ठाकुर, राजगढ़ के कोच दिलीप सिंह बैस, सीहोर टीम के कोच अतुल त्रिवेदी, आशीष मेवाड़ा, अतुल कुशवाहा, आदर्श राय, मदन कुशवाहा, हेमंत केसरिया, कमलेश, सुनील जलोदिया, वरुण शर्मा, अजय चंदेल, हमजा और गौरव पिचौनिया सहित अन्य ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें