दिल्ली : ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली का जोर-शोर से ‘प्रचार’ करने के लिए भाजपा का दिल से धन्यवाद : राहुल गांधी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 25 अक्टूबर 2026

दिल्ली : ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली का जोर-शोर से ‘प्रचार’ करने के लिए भाजपा का दिल से धन्यवाद : राहुल गांधी

rahul-gandhi-thanks-to-bjp
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर एक नवंबर को होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली का ‘‘जोर-शोर से प्रचार’’ करने और रैली के आह्वान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगियों का ‘‘दिल से धन्यवाद’’। ‘इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस’ (इंडिया) गठबंधन की यह रैली विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) पर चुनावी अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों का हिस्सा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने आरोप लगाया कि लोगों के वोट चुराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ये हम किसी हाल में चुपचाप नहीं सहेंगे।’’ गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मतदाता सूचियों से नाम काटे गए। नियम-कानून तोड़े गए और सवाल पूछने वालों पर लाठियां चलीं। अब जवाब देश देगा।’’ उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘एक नवंबर - चलो दिल्ली। वोट बचाओ - देश बचाओ जन मार्च और महारैली। छात्र, किसान, मजदूर, महिलाएं, नौजवान और व्यापारी - जिस-जिस को लोकतंत्र की फिक्र है, वो जरूर आएं। वोट आपका है। लड़ाई भी आपकी है। रामलीला मैदान, नयी दिल्ली।’’ 


उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और उसके साथियों का दिल से धन्यवाद, जो इस कार्यक्रम का इतना जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा रहे हैं।’’ गांधी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘बस अगले सात दिन भी यही जोश और लगन बनाए रखिए।’’ भाजपा ने शनिवार को दिल्ली में होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा था।  पार्टी ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी एक नवंबर को ही रैली आयोजित करने पर ‘‘अड़े’’ हैं और 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने की कोशिश कर रहे हैं। यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने दावा किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन के कई घटक दल कांग्रेस की एक नवंबर को रैली आयोजित करने की योजना से सहमत नहीं हैं और कार्यक्रम की तारीख बदलना चाहते हैं। कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने रामलीला मैदान तक होने वाले ‘दिल्ली चलो मार्च’ को ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ पार्टी का अब तक कस सबसे बड़ा प्रदर्शन बताया। कांग्रेस ने कहा कि एक नवंबर को होने वाली उसकी रैली विपक्षी गठबंधन की एकजुटता का मजबूत संदेश देगी। पार्टी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन लोकतंत्र की रक्षा करने और ‘‘वोट चोरों को सत्ता से बाहर करने’’ के लिए एकजुट है। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता 30 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘‘सार्वजनिक महाभियोग’’ की कार्रवाई करेंगे और उनके खिलाफ एक सार्वजनिक फैसला सुनाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: