बैठक में यह भी तय किया गया कि छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी प्राथमिकी वापस ले ली जाएंगी। छात्रों को विश्वविद्यालय से निकाले जाने और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान शुरू की गई प्रॉक्टर जांच, साथ ही हॉस्टल के बुनियादी ढांचे को लेकर हुए विरोध से जुड़ी जांच भी वापस ले ली जाएगी। सीपीओ नियमावली के विवादित नियमों की समीक्षा करने और उन्हें हटाने की सिफारिश करने के लिए एक समिति बनाई जाएगी, जिसमें छात्रसंघ का एक पदाधिकारी और एक निर्वाचित सदस्य शामिल होगा। छात्र समुदाय ने इस नियमावली का विरोध किया था, क्योंकि इसमें विरोध-प्रदर्शनों पर रोक लगाने और नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना, निलंबन तथा निष्कासन जैसी सजा देने के प्रावधान हैं। प्रशासन जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा की जांच के लिए छात्रसंघ प्रतिनिधि के साथ एक समिति बनाने पर भी सहमत हो गया। विवरण में कहा गया है कि समान अवसर प्रकोष्ठ (ईओसी) की ऑडिट रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध करा दी जाएगी, और जेएनयूएसयू पदाधिकारियों के साथ परामर्श करके इस प्रकोष्ठ का पुनर्गठन किया जाएगा। छात्रावास आरक्षण और अन्य मांगों को देखने के लिए भी समितियां गठित की जाएंगी। इसके साथ ही कुछ अन्य निर्णय भी लिए गए। बैठक के विवरण के अनुसार, समिति 14 कार्य दिवसों के बाद फिर से बैठक करेगी, ताकि विशिष्ट मांगों को आगे बढ़ाया जा सके और उन्हें लागू करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की जा सके।
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन के छात्र पदाधिकारियों का निष्कासन रद्द करने और प्राथमिकी वापस लेने पर सहमत होने के बाद छात्रसंघ ने 17 दिन से जारी अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। यह बात 19 अक्टूबर को हुई बैठक के विवरण में कही गई। स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज (एसएसएस) के डीन विवेक कुमार और छात्र प्रतिनिधियों द्वारा हस्ताक्षरित बैठक संबंधी विवरण में छात्रों की मांगों पर लिए गए कई फैसलों का उल्लेख है। इनमें मुख्य प्रॉक्टर कार्यालय (सीपीओ) नियमावली की समीक्षा, प्रॉक्टर जांच को वापस लेना और विभिन्न मुद्दों की जांच के लिए समितियों का गठन करना शामिल है। उन्नीस अक्टूबर के एक अलग नोटिस में, विश्वविद्यालय ने कहा कि कुलपति शांतिश्री धूलिपुडी पंडित ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि पांच छात्रों के निष्कासन को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जाए, और छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपना जुर्माना तुरंत भर दें। संबंधित पांच छात्रों में अदिति मिश्रा, के. गोपिका बाबू, सुनील यादव, दानिश अली और नीतीश कुमार शामिल हैं। पहले चार नाम जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ (जेएनयूएसयू) के मौजूदा पदाधिकारियों के हैं, और आखिरी नाम छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष का है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें