दिल्ली : विश्व व्यवस्था बदल रही है, कुछ लोग भारत में अव्यवस्था का सपना देख रहे : पीएम मोदी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026

दिल्ली : विश्व व्यवस्था बदल रही है, कुछ लोग भारत में अव्यवस्था का सपना देख रहे : पीएम मोदी

pm-modi-in-ndtv-summit
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां एक ओर दुनिया एक ‘‘नयी व्यवस्था’’ की तलाश कर रही है, वहीं कुछ लोग भारत में ‘‘अव्यवस्था’’ का सपना देख रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सीधा हमला करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि श्रीहरिकोटा से एक साल में उतने रॉकेट लॉन्च नहीं होते, जितनी बार कांग्रेस अपने नेता को ‘लॉन्च’ करने की असफल कोशिशें करती है। मोदी ने ‘एनडीटीवी वर्ल्ड समिट’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अपने परिवार को विफलता के कलंक से बचाने के लिए, कांग्रेस भारत की उपलब्धियों पर ही सवाल उठा रही है। अंगूर खट्टे हैं वाली स्थिति है, और अब कांग्रेस उस बेल को ही काटने की कोशिश कर रही है। यह परिवार अब कांग्रेस पर बोझ बन गया है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व व्यवस्था बदल रही है और ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को उचित स्थान देने के लिए बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार जरूरी है। 


उन्होंने कहा, ‘‘हमें यह समझना होगा कि विश्व व्यवस्था क्यों बदल रही है और पुरानी व्यवस्था उभरती चुनौतियों का समाधान क्यों नहीं कर पाई है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जब दुनिया की पुरानी व्यवस्था बदल रही है, तो हमें मिलकर किस तरह की नयी विश्व व्यवस्था बनानी है? उन्होंने कहा, ‘‘बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार जरूरी है। ग्लोबल साउथ की आवाज को उचित स्थान देना भी आवश्यक है।’’ मोदी ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग केवल अच्छे समय तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संकट के समय भी प्रभावी बने रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच प्रभावी सहमति जरूरी है। उन्होंने कहा, ‘‘आजकल हर कोई नयी विश्व व्यवस्था की चर्चा कर रहा है, क्योंकि इसका असर रोजमर्रा की जिंदगी में महसूस किया जा रहा है।’’ 


प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां दुनिया ‘नयी व्यवस्था’ की तलाश कर रही है, वहीं कुछ लोग भारत में ‘अव्यवस्था’ का सपना देख रहे हैं। मोदी ने कहा, ‘‘आज, जब दुनिया में इतनी उथल-पुथल मची है, तब एक मजबूत भारत की छवि दुनिया के सामने आनी चाहिए। लेकिन ये लोग भारत की साख को मिट्टी में मिलाने पर तुले हुए हैं। ये लोग विदेश जाकर भारत को बदनाम करते हैं। वे विदेशियों से दखल देने की गुहार लगाते हैं।’’ मोदी ने कहा कि कोई नहीं जानता कि कांग्रेस अपने ‘‘असफल हो चुके उत्पाद’’ को ‘लॉन्च’ करने के लिए देश को और कितने समय तक दांव पर लगाए रखेगी। उन्होंने कहा, ‘‘दरअसल, कांग्रेस का यह परिवार अब अपनी ही पार्टी पर बोझ बन गया है।’’ उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दल के वरिष्ठ नेता भी निजी बातचीत में यह बात स्वीकार करते हैं। मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के रवैये के कारण, सरकार के उन ईमानदार आलोचकों की आवाज दब जाती है जो देश और लोकतंत्र का भला चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस एक परजीवी की तरह है जो नहीं चाहती कि कोई और आगे बढ़े। कांग्रेस पर 'दिमागी नक्सलियों' का कब्ज़ा है और वह खुद से कुछ सोच ही नहीं पाती। जो लोग पहले जंगलों में तबाही मचाते थे, वे अब कांग्रेस में हैं और देश को बर्बाद करने पर तुले हुए हैं।’’ भाषा आशीष पवनेशपवनेश

कोई टिप्पणी नहीं: