हैदराबाद के भूखंड पर न्यायालय के फैसले से 50,000 करोड़ रुपये की संपत्ति बच गई : रेड्डी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026

हैदराबाद के भूखंड पर न्यायालय के फैसले से 50,000 करोड़ रुपये की संपत्ति बच गई : रेड्डी

telangana-cm-reddy
नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को कहा कि हैदराबाद में एक विवादित और बेशकीमती भूखंड के मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले से राज्य सरकार की 50,000 करोड़ रुपये की संपत्ति बच गई है जिसका इस्तेमाल सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मंत्रिमंडल इस पर चर्चा करेगा और फैसला लेगा।’’ मियापुर के भूखंड पर उच्चतम न्यायालय के फैसले को पिछली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) के लिए ‘‘करारा तमाचा’’ करार देते हुए रेड्डी ने इस फैसले पर पार्टी की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने विधानसभा में भूखंड पर अवैध कब्जे के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग भी की। उच्चतम न्यायालय ने 29 अक्टूबर को अपने आदेश में फैसला सुनाया कि विवादित भूखंड तेलंगाना सरकार का है। 


न्यायालय ने सेरिलिंगमपल्ली मंडल के सर्वे नंबर 100 और 101 में करीब 550 एकड़ और 39 गुंटा भूखंड पर निजी मालिकाना हक के दावों को खारिज कर दिया। रेड्डी ने कहा कि सरकार ने अदालत में मजबूती से अपना पक्ष रखा था और अधिकारियों को भूखंड वापस लेने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कीमती भूखंड बेचने और उससे मिलने वाली राशि का इस्तेमाल सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए करने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने 2023 से अब तक 1.50 लाख करोड़ रुपये की जमीन को अवैध कब्जे से बचाया है। उन्होंने यह भी कहा कि गाचीबोवली और ममिदिपल्ली में बीआरएस नेताओं द्वारा किए गए अतिक्रमण से जमीन को बचाया गया है और सरकार ने इन मामलों में कानूनी लड़ाई भी जीती है।  रेड्डी ने आरोप लगाया कि केसीआर, उनके परिवार के सदस्यों और बीआरएस नेताओं ने हैदराबाद तथा तेलंगाना के अन्य हिस्सों में कीमती भूखंडों पर कब्जा करने की कोशिश की थी।  उन्होंने कहा कि विधायक, सांसद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने केसीआर परिवार द्वारा जमीनों पर कब्जा करने की कोशिशों का विरोध किया था। उन्होंने कहा, ‘‘बीआरएस की तत्कालीन सरकार मेरे प्रति दुर्भावना रखती थी और मुझे जेल भेज दिया था।’’

कोई टिप्पणी नहीं: