पुलिस निरीक्षक मौसम तमांग ने बताया कि मृतक की पहचान भारतीय नागरिक वसंत कुमार बालारामरामाडु के रूप में हुई है और वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। उन्होंने बताया कि इसी हेलीकॉप्टर में सवार न्यूजीलैंड निवासी भारतीय मूल के शैलेश कृष्ण पटेल (49) भी घायल हो गए। तमांग के अनुसार, पटेल को प्रभु हेलीकॉप्टर से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में फिशटेल एयर के पायलट रवींद्र प्रजापति और एयर डायनेस्टी के पायलट प्रज्वल केसी भी घायल हो गए। दोनों नेपाली नागरिकों को उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया है। फेरीचे, माउंट एवरेस्ट आधार शिविर के रास्ते में पड़ता है, जो काठमांडू से 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। पुलिस ने बताया कि बालारामारामाडु के शव को लुकला के एक अस्पताल में ले जाया गया है। उसने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जल्द ही काठमांडू भेजा जाएगा। हादसे के समय दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार यात्रियों की संख्या की अभी पुष्टि नहीं हुई है। नेपाल में अत्यधिक पर्वतीय भूभाग, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के अप्रत्याशित होने और पुराने बुनियादी ढांचे के कारण अक्सर हेलीकॉप्टर और विमान दुर्घटनाएं होती हैं।
नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार को एक हेलीपैड पर उतरते समय दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर हो गई, जिसमें 47 वर्षीय एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। नेपाल पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह टक्कर सोलुखुम्बु जिले के खुम्बू पासांग ल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरिचे हेलीपैड पर मंगलवार को हुई, जहां दो हेलीकॉप्टर उतरने की कोशिश कर रहे थे। सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, 'फिशटेल एयर' और 'एयर डायनेस्टी' द्वारा संचालित दोनों हेलीकॉप्टर स्थानीय समयानुसार सुबह करीब आठ बजकर 11 मिनट पर टकराए। दोनों विमानों ने माउंट एवरेस्ट के लिए प्रवेश द्वार माने जाने वाले लुकला हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें