पटना : संरक्षण कृषि एवं फसल अवशेष प्रबंधन” पर तीन दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 25 नवंबर 2026

पटना : संरक्षण कृषि एवं फसल अवशेष प्रबंधन” पर तीन दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

  • बिहार के पांच जिलों के 27 किसान ले रहे हैं भाग, टिकाऊ फसल उत्पादन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर दिया जा रहा विशेष जोर

Farmer-training-seminar
पटना, 25 नवंबर (रजनीश के झा) । भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना में दिनांक 25 नवम्बर, 2026 को बामेती, पटना द्वारा प्रायोजित “सतत् फसल उत्पादन हेतु संरक्षण कृषि एवं फसल अवशेष प्रबंधन” विषय पर तीन दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम (25–27 नवम्बर, 2026) का आज शुभारंभ हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिहार के नालंदा, पटना, कैमूर, रोहतास एवं बक्सर जिलों के कुल 27 किसान भाग ले रहे हैं।प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को संरक्षण कृषि की आधुनिक एवं व्यावहारिक तकनीकों तथा फसल अवशेषों के प्रभावी प्रबंधन के प्रति जागरूक एवं दक्ष बनाना है, ताकि मृदा स्वास्थ्य में सुधार, मिट्टी की नमी का संरक्षण, मृदा अपरदन पर नियंत्रण, कृषि लागत में कमी तथा प्राकृतिक संसाधनों के कुशल उपयोग को सुनिश्चित करते हुए टिकाऊ एवं लाभकारी फसल उत्पादन को बढ़ावा दिया जा सके। इसके साथ ही, बिहार की स्थानीय कृषि परिस्थितियों एवं समेकित कृषि प्रणाली के अनुरूप संरक्षण कृषि की तकनीकों को अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें मृदा एवं जल संरक्षण और फसल अवशेष प्रबंधन के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपायों से अवगत कराना है, जिससे कृषि उत्पादकता में वृद्धि के साथ-साथ कृषि प्रणाली की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित हो सके।


कार्यक्रम के दौरान संस्थान के निदेशक डॉ. अनुप दास ने पूर्वी भारत-गंगा के मैदानी क्षेत्रों में संरक्षण कृषि की संभावनाओं एवं वर्तमान स्थिति पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्वी भारत में संरक्षण कृषि की तकनीकें मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने, जल एवं ऊर्जा के कुशल उपयोग तथा फसल उत्पादन प्रणालियों को अधिक टिकाऊ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने किसानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने पर बल दिया। इस अवसर पर संस्थान के भूमि एवं जल प्रबंधन प्रभाग के सेवानिवृत्त प्रमुख डॉ. संत कुमार सिंह ने संरक्षण कृषि के विभिन्न पहलुओं तथा भूमि एवं जल संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कृषि में प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग भविष्य की खाद्य सुरक्षा एवं किसानों की आय की स्थिरता के लिए आवश्यक है। प्रशिक्षण के पाठ्यक्रम निदेशक डॉ. संजीव कुमार ने ‘बिहार की समेकित कृषि प्रणाली के विभिन्न मॉडलों में संरक्षण कृषि एवं संसाधन संरक्षण तकनीकें’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि संरक्षण कृषि की तकनीकों को समेकित कृषि प्रणाली के साथ जोड़कर अपनाने से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सकता है तथा कृषि उत्पादन प्रणाली को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाया जा सकता है।


वहीं, पाठ्यक्रम निदेशक डॉ. राकेश कुमार ने ‘सतत् धान-गेहूं उत्पादन प्रणाली के लिए संरक्षण कृषि की अवधारणा’ विषय पर किसानों को जानकारी दी। उन्होंने धान-गेहूं फसल प्रणाली में संरक्षण कृषि की उपयोगिता, फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन तथा संसाधन संरक्षण आधारित तकनीकों के महत्व को रेखांकित किया। प्रशिक्षण के अंतर्गत किसानों को संस्थान के प्रक्षेत्र का भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्होंने संरक्षण कृषि, फसल अवशेष प्रबंधन एवं संसाधन संरक्षण से संबंधित तकनीकों का व्यावहारिक अवलोकन किया। इस दौरान किसानों को विभिन्न तकनीकों के उपयोग, उनके लाभ तथा खेतों में उनके क्रियान्वयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. कुमारी शुभा, वरिष्ठ वैज्ञानिक ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. पी.के. सुंदरम, वरिष्ठ वैज्ञानिक द्वारा प्रस्तुत किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: