पटना : कृषि अनुसंधान परिसर द्वारा सहरसा के नवहट्टा प्रखंड में ‘खेत बचाओ अभियान’ आयोजित - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 25 नवंबर 2026

पटना : कृषि अनुसंधान परिसर द्वारा सहरसा के नवहट्टा प्रखंड में ‘खेत बचाओ अभियान’ आयोजित

  • 200 से अधिक किसानों ने लिया भाग, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, दलहनी फसलों की खेती एवं वैज्ञानिक भैंस पालन पर दिया गया जोर

Save-farming-land-seminar
पटना, 25 नवंबर (रजनीश के झा) । भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर द्वारा पशुपालन विभाग, सहरसा एवं कृषि विज्ञान केंद्र, सहरसा के सहयोग से 25 नवंबर, 2026 को सहरसा जिले के नवहट्टा प्रखंड अंतर्गत मुरारपुर पंचायत के सिमरल टोला गांव में ‘खेत बचाओ अभियान’ का आयोजन किया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के निदेशक डॉ. अनुप दास के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को नेटवर्क प्रोजेक्ट ऑन बफैलो इम्प्रूवमेंट द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में 200 से अधिक किसानों एवं पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के डॉ. नारायण भक्त, प्रधान वैज्ञानिक; डॉ. पी. सी. चंद्रन, प्रधान वैज्ञानिक; डॉ. रोहन कुमार रमण, वरिष्ठ वैज्ञानिक तथा केवीके, सहरसा के डॉ. मो. नदीम अख्तर उपस्थित रहे। इस अवसर पर वैज्ञानिकों ने किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें कृषि एवं पशुपालन की नवीन वैज्ञानिक तकनीकों तथा टिकाऊ उत्पादन पद्धतियों की जानकारी दी।  वैज्ञानिकों ने मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर देते हुए बताया कि रासायनिक उर्वरकों का असंतुलित एवं अत्यधिक उपयोग मिट्टी की गुणवत्ता, उर्वरता तथा दीर्घकालिक कृषि उत्पादकता को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने तथा जैविक एवं अकार्बनिक उर्वरकों के समुचित उपयोग के लिए प्रेरित किया। रबी मौसम में दलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। वैज्ञानिकों ने बताया कि दलहनी फसलें अपनी जड़ों में उपस्थित राइजोबियम जीवाणुओं के माध्यम से वायुमंडलीय नाइट्रोजन का स्थिरीकरण करती हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरता में सुधार होता है और रासायनिक नाइट्रोजन उर्वरकों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलती है। किसानों को फसल चक्र में दलहनी फसलों को शामिल करने तथा संतुलित उर्वरक उपयोग के माध्यम से खेती की लागत कम करने एवं उत्पादन को टिकाऊ बनाने की सलाह दी गई।


कार्यक्रम के दौरान भैंस पालक किसानों के लिए विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसमें वैज्ञानिकों ने भैंसों की दुग्ध उत्पादन क्षमता एवं प्रजनन दक्षता बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों की जानकारी दी। विशेष रूप से पहली बार ब्याने की आयु तथा दो ब्यांतों के बीच के अंतराल (Calving Interval) को कम करने की रणनीतियों पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, पशुओं के संतुलित पोषण, उचित प्रजनन प्रबंधन, स्वास्थ्य देखभाल एवं वैज्ञानिक रखरखाव के महत्व को रेखांकित किया गया। वैज्ञानिकों ने बताया कि इन उपायों को अपनाकर पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ पशुपालकों की आय में भी वृद्धि की जा सकती है। इस अभियान के माध्यम से किसानों एवं पशुपालकों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, दलहनी फसलों के समावेश तथा वैज्ञानिक भैंस पालन के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम ने वैज्ञानिकों और किसानों के बीच प्रत्यक्ष संवाद एवं अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करते हुए टिकाऊ कृषि उत्पादन और पशुपालन को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. अर्जुन कुमार मंडल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी वैज्ञानिकों, अधिकारियों, किसानों एवं पशुपालकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं: