- नमो घाट पर भक्ति और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम; बैकस्टेज सिबलिंग बैंड के राघव-प्राची ने सुरों और बीट्स से बांधा समां, गंगा की महिमा से हुआ सांस्कृतिक संध्या का आगाज
‘एक संध्या सुरों और बीट्स के नाम’ से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बैकस्टेज सिबलिंग बैंड के राघव और प्राची की प्रस्तुति से हुआ। मंच से सबसे पहले गंगा की महिमा का स्मरण करते हुए कहा गया कि गंगा के बिना काशी अधूरी है। इसी अविरल धारा की गोद में यहां की परंपराएं, अनुष्ठान और संस्कृति पोषित होते हैं। मां गंगा से आने वाली पीढ़ियों की रक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ संगीत यात्रा शुरू हुई। इसके बाद मंच से एक ऐसा संदेश दिया गया, जो पूरी शाम की अवधारणा का आधार बना। कहा गया कि आधुनिकता की ओर बढ़ना जरूरी है, लेकिन अपनी परंपरा और संस्कृति को कभी नहीं भूलना चाहिए। आध्यात्मिक परिवेश में पले-बढ़े राघव और प्राची ने कॉरपोरेट जगत में अपनी पहचान बनाने के साथ भक्ति को भी जीवन का हिस्सा बनाए रखा है। उनकी कोशिश है कि नई पीढ़ी आधुनिक संगीत के बीच भारतीय सनातन परंपरा, आस्था और श्रद्धा से भी जुड़ी रहे। रामभक्ति के स्वरों से सजी प्रस्तुति में ‘जय जय राम’, ‘श्रीराम जय राम’ और ‘राधे-श्याम’ की धुनों ने श्रोताओं को खूब आकर्षित किया। भजनों को आधुनिक बीट्स के साथ इस अंदाज में प्रस्तुत किया गया कि मंच और दर्शकों के बीच की दूरी मानो मिट गई। कलाकारों ने श्रोताओं से आग्रह किया कि अगले कुछ मिनट जीवन की तमाम चिंताओं को भूलकर संगीत और भक्ति की ऊर्जा को महसूस करें। इसके बाद तालियों और सुरों की संगत के बीच पूरा घाट झूमता नजर आया।
संध्या का सबसे भावपूर्ण क्षण महादेव को समर्पित कविता की प्रस्तुति रही। कलाकार ने श्रोताओं से कुछ पल आंखें बंद कर कैलाशवासी शिव की ऊर्जा महसूस करने का आग्रह किया। स्वरचित कविता में नंदी, गणेश, पार्वती, त्रिशूल, डमरू, नीलकंठ और जटाओं में समाई गंगा के जरिए शिव के विराट स्वरूप का चित्र खींचा गया। समुद्र मंथन के विष को पीने से लेकर सृष्टि का संतुलन बनाए रखने तक महादेव के त्याग और करुणा का भाव उभारा गया। कविता व्यक्तिगत पीड़ा से महादेव की शरण तक पहुंचती है—‘महादेव, अब तू ही मेरा सबकुछ, तू ही मेरा संसार।’ इस प्रस्तुति ने संगीत की शाम को आध्यात्मिक अनुभूति में बदल दिया। काशी गंगा महोत्सव की यह शुरुआत अपने आप में एक संदेश दे गई। काशी की पहचान केवल उसकी प्राचीन परंपराओं में नहीं, बल्कि उन परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जीवंत क्षमता में भी है। यहां भक्ति ने बीट्स का साथ लिया, लेकिन अपनी आत्मा नहीं छोड़ी। गंगा के तट पर सुरों की यह संध्या इसी सांस्कृतिक निरंतरता की खूबसूरत अभिव्यक्ति बन गई। उद्घाटन समारोह में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, काशी क्षेत्र भाजपा अध्यक्ष, मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, विधायक त्रिभुवन राम, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय, मधुकर चित्रांश, संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा, संजय सोनकर, रजत जायसवाल, आशुतोष सिंह सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें