मधुबनी : सहयोग पोर्टल पर 30,558 आवेदन प्राप्त, 28,853 का हुआ निष्पादन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 17 नवंबर 2026

मधुबनी : सहयोग पोर्टल पर 30,558 आवेदन प्राप्त, 28,853 का हुआ निष्पादन

  • जिलाधिकारी अपनी टीम के साथ पहुँचे जनता के द्वार : घोघरडीहा के चिकना पंचायत मे लगा सहयोग शिविर, जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओ का किया समाधान 
  • चिकना पंचायत में तीन दिन बाद फिर लगेगा विशेष शिविर, सभी राशन कार्डधारियों का बनेगा आयुष्मान कार्ड, बैंक खातों की होगी ई-केवाईसी

Madhubani-dm-janta-ke-dwar
मधुबनी,  17 नवंबर (रजनीश के झा) । जनता की समस्याओं का समाधान अब पंचायत स्तर पर ही सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने अपनी पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को घोघरडीहा प्रखंड की चिकना पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार ने भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सहयोग पोर्टल जनसमस्याओं के निदान का सशक्त एवं प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से आम नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं और उनके निष्पादन की स्थिति भी जान सकते हैं। ज्ञात हो कि मधुबनी जिले में सहयोग पोर्टल के माध्यम से अब तक कुल 30,558 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 28,853 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। यदि कोई आवेदक निष्पादित आवेदन पर की गई कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है, तो उसके लिए अपील करने का भी प्रावधान है। उन्होंने आम नागरिकों से इस व्यवस्था का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।


तीन दिन बाद फिर लगेगा शिविर, आयुष्मान कार्ड एवं ई-केवाईसी की होगी सुविधा

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि चिकना पंचायत में तीन दिन बाद पुनः विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें पंचायत के सभी राशन कार्डधारियों का आयुष्मान भारत कार्ड बनाने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही बैंक खातों से संबंधित ई-केवाईसी का कार्य भी कराया जाएगा, ताकि ई-केवाईसी के अभाव में किसी का बैंक खाता संचालन बाधित नहीं हो तथा पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें। उन्होंने बेहियारी स्थित महादलित टोला में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के तहत दो कमरों के विद्यालय भवन के निर्माण के लिए सरकारी भूमि चिह्नित करने का निर्देश संबंधित राजस्व कर्मचारी को दिया।


पंचायत कर्मियों की जवाबदेही तय, गांव में नियमित भ्रमण का निर्देश

जिलाधिकारी ने पंचायतवासियों को पंचायत स्तरीय कर्मियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लोगों को स्थानीय स्तर पर ही मिलना चाहिए। इसके लिए पंचायत कर्मियों की सक्रियता एवं जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। उनके निर्देश पर पंचायत स्तरीय सभी कर्मियों ने बारी-बारी से ग्रामीणों के बीच अपना नाम, पदनाम, मोबाइल नंबर एवं कार्य-दायित्व की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी कर्मियों को नियमित रूप से पंचायत में उपस्थित रहने, गांवों का भ्रमण करने तथा आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला मुख्यालय का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े।


बच्चों की नियमित विद्यालय भेजने पर दिया जोर

शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव और प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चियों एवं बच्चों को अनिवार्य रूप से विद्यालय भेजने का संकल्प लेने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि जरूरतमंद एवं वंचित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता एवं तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने चिकना पंचायत के ग्रामीणों द्वारा दिए गए स्नेह, सम्मान एवं सहयोग के प्रति आभार भी व्यक्त किया। शिविर में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार, सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री कुमार दीपक, जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी फुलपरास, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलपरास सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पंचायत के मुखिया, वार्ड सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: