मधुबनी : अब शाम में भी विद्यार्थियों को मिलेगी विशेष शिक्षा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 17 नवंबर 2026

मधुबनी : अब शाम में भी विद्यार्थियों को मिलेगी विशेष शिक्षा

School-in-evening-madhubani
मधुबनी, 17 नवंबर (रजनीश के झा) । बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी पहल ‘संकल्प संध्या’ के अंतर्गत आज मधुबनी जिले में संध्याकालीन विशेष कक्षाओं (Evening Remedial Classes) का शुभारंभ किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों, विशेषकर शैक्षणिक रूप से कमजोर एवं आर्थिक रूप से वंचित वर्ग के बच्चों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराना है।


प्रथम चरण में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जिले के रहिका प्रखंड स्थित दो विद्यालयों का चयन किया गया है—

1. सू० ना० देव नारायण यादव (वाटसन) +2 उच्च विद्यालय, मधुबनी।

2. जी० एम० एस० एस० (सूरी) +2 उच्च विद्यालय, मधुबनी।

इन विद्यालयों में प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से 7:30 बजे तक विशेष कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को मुख्य रूप से अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों की शिक्षा दी जाएगी। साथ ही होमवर्क, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी एवं कठिन विषयों में विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम 31 मार्च 2027 तक संचालित किया जाएगा। कक्षाओं में विद्यालयों के उपलब्ध संसाधनों, स्मार्ट बोर्ड एवं डिजिटल शिक्षण सुविधाओं का अधिकतम उपयोग किया जाएगा। ‘संकल्प संध्या’ का उद्देश्य केवल अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन करना नहीं, बल्कि ऐसे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक अथवा अन्य कारणों से निजी कोचिंग की सुविधा प्राप्त नहीं कर पाते हैं। इस पहल से विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि, आत्मविश्वास एवं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में सकारात्मक सुधार की अपेक्षा है। जिला शिक्षा प्रशासन, मधुबनी इस कार्यक्रम के प्रभावी संचालन एवं नियमित अनुश्रवण के लिए प्रतिबद्ध है। पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के आधार पर भविष्य में अन्य विद्यालयों तक इस पहल का विस्तार किया जा सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: