डीएम ने श्रद्धालुओं से की विशेष अपील, एहतियाती उपायों का करें पालन
जिला पदाधिकारी ने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि घाटों पर जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। विशेष रूप से आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी एहतियाती उपायों के प्रति सजग एवं सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों में स्नान अथवा अर्घ्य अर्पित करते समय गहरे पानी में जाने से बचें। निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर ही पूजा-अर्चना करें तथा बैरिकेडिंग का उल्लंघन नहीं करें। उन्होंने बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि छोटे बच्चों को घाटों पर अकेला नहीं छोड़ें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों को अपने साथ रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी अथवा प्रशासनिक नियंत्रण व्यवस्था को सूचित करें। घाटों पर अनावश्यक भीड़ एवं अफरा-तफरी से बचें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित आवागमन मार्गों का ही उपयोग करें।डीएम ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी अपुष्ट सूचना को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामान्य परिस्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व सामूहिक आस्था, सामाजिक एकता एवं सद्भाव का पर्व है। इसे आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सहयोग के साथ मनाएं। जिला प्रशासन व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आम नागरिकों के सहयोग एवं सहभागिता से छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। अंत में जिला पदाधिकारी ने पुनः समस्त जिलावासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी के साथ वरीय पुलिस अधीक्षक मधुबनी, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता मधुबनी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मधुबनी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें