दिल्ली : ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक संकट के आरोपों को लेकर चौहान का रमेश पर पलटवार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 26 नवंबर 2026

दिल्ली : ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक संकट के आरोपों को लेकर चौहान का रमेश पर पलटवार

Shivraj-chauhan-attack-congress
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक संकट के आरोपों को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता जयराम रमेश पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘‘किसान परेशान नहीं हैं, बल्कि कांग्रेस परेशान है।’’ इससे पहले दिन में कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा था कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर ग्रामीण भारत पर पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया था कि खाद्य पदार्थों, रसोई गैस, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और परिवहन की बढ़ती लागत का सामना किसान या खेतिहर मजदूर का परिवार कैसे कर सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि मनरेगा को कमजोर किए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की असुरक्षा बढ़ गई है। कृषि आंकड़ों पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सवालों का जवाब देते हुए चौहान ने इन आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। 


चौहान ने इसके लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और कम ब्याज पर दिए जाने वाले कृषि ऋण का उल्लेख किया।  ग्रामीण रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रही है और इसे लेकर कोई शिकायत नहीं है।  कीमतों के बारे में चौहान ने कहा कि पहले जब फसलों के दाम कम थे, तब सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर रिकॉर्ड खरीद की थी। उन्होंने कहा, ‘‘अब जब कुछ फसलों के दाम एमएसपी से थोड़े ज्यादा हैं, तो किसानों को कुछ अधिक कमाने क्यों नहीं दिया जाए? मेरे मित्र, इसमें क्या परेशानी है?’’ मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों और उपभोक्ताओं, दोनों के हितों के बीच संतुलन बनाकर चलती है। उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर आयात सहित सभी जरूरी कदम उठाए जाते हैं। इसके बाद मंत्री ने संविधान दिवस के मौके पर संविधान को लेकर कांग्रेस के रिकॉर्ड पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘संविधान की हत्या करना कांग्रेस के डीएनए में है।’’ आपातकाल को याद करते हुए चौहान ने सवाल किया कि इसे किसने लगाया था और डेढ़ लाख से अधिक लोगों को जेल में किसने डाला था?  उन्होंने कहा कि यह संख्या भारत छोड़ो आंदोलन या पूरे स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जेल भेजे गए लोगों से भी अधिक थी।

कोई टिप्पणी नहीं: