लखनऊ : उप्र चुनाव में सपा से सीटें चाहते हैं वाम दल, भाकपा (माले) ने की दो दौर की बातचीत - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 26 नवंबर 2026

लखनऊ : उप्र चुनाव में सपा से सीटें चाहते हैं वाम दल, भाकपा (माले) ने की दो दौर की बातचीत

Akhilesh-talked-with-left
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी बातचीत के बीच वाम दलों ने भी ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत राज्य में चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में सीटें हासिल करने के प्रयास में हैं। भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने इस सिलसिले में 19 नवंबर को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के बीच सीटों के तालमेल को लेकर दो दौर की बातचीत हो चुकी है। भाकपा (माले) लिबरेशन ने सपा को सीटों के संबंध में अपना प्रस्ताव भी भेजा है, हालांकि पार्टी ने सीटों की संख्या का खुलासा नहीं किया है। इस बीच, माकपा के सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी अमरा राम भी अखिलेश यादव से मुलाकात कर सीटों के तालमेल पर बातचीत करेंगे।  अमरा राम ने कहा, ‘‘मैं अखिलेश जी से मिलकर इस बारे में बात करूंगा। जहां तक सीटों की संख्या का सवाल है तो इस बारे में अभी कुछ नहीं कह सकता। जब बात होगी तब तय होगा।’’ 


सूत्रों के अनुसार, भाकपा (माले) लिबरेशन की विशेष नजर पूर्वी उत्तर प्रदेश की कुछ विधानसभा सीटों पर है। वहीं, माकपा और भाकपा भी उन क्षेत्रों में चुनाव लड़ने की इच्छुक हैं, जहां उनके संगठनों की राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सक्रियता रही है।  सूत्रों ने बताया कि तीनों वाम दलों के महासचिवों की 18 नवंबर को हुई बैठक में उत्तर प्रदेश के राजनीतिक हालात और आगामी विधानसभा चुनाव में वाम दलों की भूमिका पर चर्चा हुई थी। बैठक में राज्य में पार्टी संगठनों की मौजूदगी और चुनाव में भागीदारी की इच्छा को देखते हुए ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर सहमति बनी थी। इसके बाद तीनों दलों ने गठबंधन में अपनी हिस्सेदारी के लिए प्रयास तेज कर दिए। वाम दलों का मानना है कि किसान, मजदूर और वंचित तबकों के बीच उनकी सक्रियता तथा संगठनात्मक आधार कुछ क्षेत्रों में गठबंधन के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। इसी आधार पर वे सीटों के तालमेल में अपनी भूमिका सुनिश्चित करना चाहते हैं।  उत्तर प्रदेश में वाम दलों का एक समय अच्छा राजनीतिक प्रभाव था, लेकिन पिछले कुछ दशकों में उनका चुनावी प्रदर्शन कमजोर हुआ है। वर्ष 1974 के विधानसभा चुनाव में भाकपा ने 16 और माकपा ने दो सीटें जीती थीं। यह दोनों दलों का राज्य में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था।  वर्ष 1996 में माकपा को चार और भाकपा को एक सीट मिली थी। भाकपा का आखिरी विधायक 1996 में, जबकि माकपा का आखिरी विधायक 2002 में निर्वाचित हुआ था।

कोई टिप्पणी नहीं: