दिल्ली : परिसीमन विधेयक ऐतिहासिक पहल, सभी दलों को इसका समर्थन करना चाहिए : अमित शाह - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 28 नवंबर 2026

दिल्ली : परिसीमन विधेयक ऐतिहासिक पहल, सभी दलों को इसका समर्थन करना चाहिए : अमित शाह

amit-shah-on-delimitation-bill
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि सभी दलों को 132वें संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन करना चाहिए, ताकि सभी राज्यों में समान रूप से लोकसभा सीट की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाई जा सके। उन्होंने इसे महिलाओं को शासन-व्यवस्था में मजबूत भागीदार बनाने की दिशा में एक ‘ऐतिहासिक पहल’ करार दिया। शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शनिवार को की गई एक पोस्ट में कहा कि कल मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को दी गई मंजूरी के साथ ही देश की महिलाओं की दशकों पुरानी प्रतीक्षा समाप्त होने जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के माध्यम से महिलाओं को लोकसभा व विधानसभाओं में जो 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था, वह अब साकार होगा। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘‘विधानसभाओं में महिलाओं की कम से कम एक-तिहाई भागीदारी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की योजनाओं को और अधिक समावेशी बनाएगी, वहीं लोकसभा में उनकी उपस्थिति नीति निर्माण, कानून निर्माण और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के निर्धारण में एक नया आयाम जोड़ेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं को शासन में मजबूत भागीदार बनाने वाली इस ऐतिहासिक पहल का सभी दल समर्थन करें।’’ शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में मंत्रिमंडल ने 132वें संविधान संशोधन के जरिये सभी राज्यों में जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने व शासन को जनता के और करीब लाने का बहुत बड़ा कदम उठाया है। साथ ही, इसमें अनुच्छेद 170(1) में संशोधन कर राज्य विधानसभाओं की सीट की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा, ‘‘ इस प्रावधान से उत्तर प्रदेश अविभाजित रहते हुए विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ा सकेगा। साथ ही, महिलाओं को मिलने वाले एक-तिहाई आरक्षण से प्रदेश की महिलाओं को अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व मिलेगा।’’ शाह ने कहा कि अधिक जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों की प्राथमिकताएं सदन में रख सकेंगे। इससे स्थानीय जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाने, विकास को गति देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘यह निर्णय उत्तर प्रदेश में सुशासन व जनभागीदारी, दोनों को और अधिक मजबूती देगा। उत्तर प्रदेश के सभी दलों को इस ऐतिहासिक विधेयक का स्वागत और समर्थन करना चाहिए।’’ संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत होना अनिवार्य है। उम्मीद है कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) इस विधेयक का समर्थन करेंगे। इस नए विधेयक में सीट की संख्या बढ़ाने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों को आधार मानने का प्रस्ताव है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी थी। इसके तहत परिसीमन के माध्यम से लोकसभा की मौजूदा सीट संख्या (543) को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है।

कोई टिप्पणी नहीं: