दिल्ली : भाजपा ने राहुल और प्रियंका के बीच मतभेद का किया दावा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 2 नवंबर 2026

दिल्ली : भाजपा ने राहुल और प्रियंका के बीच मतभेद का किया दावा

bjp-claim-diffrences-between-rahul-priyanka
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कांग्रेस के राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा के नेतृत्व वाले दो खेमों में बंटने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के दो प्रदर्शनों में प्रियंका को बोलने का मौका नहीं दिया गया क्योंकि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को डर है कि उनकी बहन को आगे बढ़ाए जाने पर वह खुद पार्टी में हाशिये पर जा सकते हैं। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश में कहा कि गांधी परिवार के भीतर प्रियंका गांधी का भी ‘‘वोट चोरी हो गया है’’। उन्होंने दावा किया कि प्रियंका ‘मॉक पार्लियामेंट’ (प्रतीकात्मक संसद) और रामलीला मैदान की रैली में नाखुश नजर आईं। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’) ने शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक रूप से ‘‘जन महाभियोग’’ चलाया था। 


गठबंधन ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है, जिससे मतदान का अधिकार खतरे में पड़ गया है। विपक्षी गठबंधन ने कथित चुनावी अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में रविवार को यहां रामलीला मैदान में एक विशाल रैली भी आयोजित की। पात्रा ने कहा, ‘‘कल कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रतीकात्मक संसद का आयोजन किया था। मैंने इस दौरान एक बात पर गौर किया कि राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका वाद्रा को बोलने का मौका नहीं दिया।’’ उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सांसदों के अलावा अन्य लोगों को भी बोलने का मौका दिया गया। भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘आज रामलीला मैदान की रैली में भी सभी ने अपने विचार रखे और अपने-अपने मुद्दों पर बात की, लेकिन प्रियंका वाद्रा आज भी नाखुश नजर आईं। उन्हें एक बार फिर बोलने का मौका नहीं दिया गया।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या गांधी परिवार के भीतर ही कोई राजनीतिक खेल खेला जा रहा है?’’ 


पात्रा ने कहा, ‘‘क्या राहुल गांधी को डर है कि अगर प्रियंका वाद्रा को एक नेता के रूप में आगे बढ़ाया गया तो वह खुद हाशिये पर चले जाएंगे? क्या इसी वजह से गांधी परिवार में प्रियंका वाद्रा का भी वोट चोरी हो गया है?’’ भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलग-अलग खेमे बन गए हैं। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता पर अपनी बहन को आगे बढ़ने से रोकने का आरोप लगाया। भंडारी ने कहा, ‘‘क्या कांग्रेस पार्टी के भीतर राहुल खेमा और प्रियंका खेमा बन रहा है? क्या देश अब राहुल गांधी और प्रियंका वाद्रा के बीच की लड़ाई खुलकर सामने आते देख रहा है?’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज रामलीला मैदान में प्रियंका वाद्रा को बोलने नहीं दिया गया। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका, जो राहुल गांधी की बहन भी हैं, उन्हें राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करने का मौका नहीं दिया।’’ भंडारी ने दावा किया कि प्रतीकात्मक संसद के दौरान भी, जब राहुल गांधी खुद को ‘‘100वीं बार ‘रीलॉन्च’ करने की कवायद’’ कर रहे थे, प्रियंका गांधी दूसरी पंक्ति में बैठी थीं और उन्हें बोलने नहीं दिया गया।  उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या इससे यह साबित होता है कि आज कांग्रेस पार्टी की असली कहानी और सच्चाई गांधी-वाद्रा परिवार में भाई-बहन के बीच चल रही लड़ाई है?’’ भंडारी ने यह भी सवाल उठाया कि क्या ‘‘राहुल खेमा’’ असुरक्षित महसूस कर रहा है और ‘‘प्रियंका खेमे’’ को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी खुद को ‘रीलॉन्च’ करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन क्या उनका ध्यान देश की जनता या कांग्रेस पार्टी पर नहीं, बल्कि प्रियंका गांधी वाद्रा को पीछे धकेलने पर है?’

कोई टिप्पणी नहीं: