दिल्ली : सिख विरोधी दंगों को लेकर कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए : भाजपा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 2 नवंबर 2026

दिल्ली : सिख विरोधी दंगों को लेकर कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए : भाजपा

bjp-demand-congress-sorry-on-sikh-riots
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग करते हुए रविवार को दिल्ली में विरोध मार्च निकाला। पार्टी ने विपक्षी दल पर दंगों की बरसी के दिन ‘‘जानबूझकर’’ रैली आयोजित करने का आरोप भी लगाया। भाजपा ने कहा कि सिख विरोधी दंगों के जख्म आज भी ताजा हैं। पार्टी ने सिख समुदाय की भावनाओं को ‘‘आहत’’ करने के लिए कांग्रेस की कड़ी आलोचना की। विरोध मार्च का नेतृत्व करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि 1984 में सिखों के खिलाफ हुई हिंसा एक ‘‘सुनियोजित’’ नरसंहार था, न कि दंगा या अचानक हुई घटना। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता एच एस फूलका ने इस मार्च में हिस्सा लिया। इसमें कई सिख नेता भी शामिल हुए। सिख बहुल हरि नगर से तिलक नगर इलाके तक निकाले गये विरोध मार्च में प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस और गांधी के खिलाफ नारेबाजी की तथा 1984 में सिखों की हत्या के लिए उनसे माफी मांगने की मांग की। 


मार्च से पहले प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पुरी ने 1984 की हिंसा शुरू होने के समय जिनेवा में होने का जिक्र किया और बताया कि किस तरह दिल्ली में रह रहे उनके माता-पिता की उनके हिंदू मित्रों ने रक्षा की थी। पुरी ने कहा, ‘‘आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, हिंसा के दौरान दिल्ली में कुल 2,733 सिखों की निर्मम हत्या की गई थी। अदालतों ने भी इसे सुनियोजित नरसंहार, जनसंहार और मानवता के खिलाफ अपराध बताया है, न कि अचानक भड़का कोई दंगा। कांग्रेस नेताओं को इस बारे में गंभीरता से विचार करना चाहिए।’’ विरोध प्रदर्शन के दौरान काली पट्टी बांधे दिल्ली की मुख्यमंत्री गुप्ता ने याद किया कि हिंसा के दौरान उनके माता-पिता के घर में एक सिख पड़ोसी ने शरण ली थी। उन्होंने कहा कि हिंसा के कारण लाखों सिखों को अपनी पहचान छिपाने और जान बचाने के लिए अपने बाल कटवाने पड़े थे। गुप्ता ने पूछा कि नवंबर 1984 में जो कुछ हुआ था, क्या वह लोकतंत्र की हत्या नहीं था? उन्होंने कहा कि सिख समुदाय आज उन लोगों से एक ‘प्रासंगिक सवाल’ पूछ रहा है, जो संविधान की प्रतियां लेकर घूमते हैं और लोकतंत्र की बात करते हैं। कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1984 में सिख समुदाय के साथ जो कुछ हुआ, उसकी जिम्मेदारी से न तो कांग्रेस और न ही गांधी परिवार बच सकता है। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि 1984 के नरसंहार की बरसी पर जानबूझकर कांग्रेस की रैली आयोजित कर राहुल गांधी ने पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। मल्होत्रा ने कहा, ‘‘यह राजीव गांधी के उस विवादास्पद बयान में झलकने वाली उसी मानसिकता को दर्शाता है, जिसमें उन्होंने कहा था, ‘‘जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है।’’

कोई टिप्पणी नहीं: