मुंबई (संवाददाता) । नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी की ‘रामायण’ को लेकर देशभर में उत्साह चरम पर है। ऐसे में सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी भी इस फिल्म के समर्थन में आगे आए हैं। नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। फिल्म के टीज़र से लेकर ट्रेलर तक, हर नए कंटेंट के साथ इसे लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म के भव्य पैमाने, शानदार स्टारकास्ट और अद्भुत विजुअल्स के अलावा, जो बात इस प्रोजेक्ट को सबसे खास बनाती है, वह है इससे जुड़ी भावनाएं और इसकी आत्मा।

शुरुआत से ही फिल्म की टीम ने इस महागाथा को महज एक फिल्म के तौर पर नहीं, बल्कि एक पवित्र जिम्मेदारी के रूप में देखा है। ऐसे दौर में, जब फिल्मी प्रचार अक्सर मार्केटिंग रणनीतियों और तय शेड्यूल तक सीमित रहता है, वहीं ‘रामायण’ ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक महत्व से जुड़ा रास्ता चुना है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां भी इस भव्य प्रोजेक्ट के समर्थन में आगे आ रही हैं। रिलीज़ से ठीक पहले इस उत्साह को और बढ़ाते हुए सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी ने सोशल मीडिया पर फिल्म की पूरी टीम को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने X स्टोरी पर एक खास संदेश साझा करते हुए लिखा:
“हमारी कालजयी कहानियों और संस्कृति को इतने भव्य स्तर पर जीवंत होते देखना वाकई बेहद खास है।
यह भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का पल है!
यश, रणबीर कपूर, नमित मल्होत्रा, नितेश तिवारी, साई पल्लवी, सनी देओल, ए. आर. रहमान, हंस ज़िमर, रवि दुबे, रकुल प्रीत, विवेक ओबेरॉय, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल और ‘रामायण’ की पूरी कास्ट एवं क्रू को मेरी दिल से शुभकामनाएं।
बड़े पर्दे पर इस भव्य सिनेमाई अनुभव को देखने का बेसब्री से इंतजार है। कामना है कि ‘रामायण’ इतिहास रचे और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करे! ❤️”
ऋषभ शेट्टी जैसे सुपरस्टार की ओर से मिला यह स्नेहपूर्ण समर्थन फिल्म को लेकर बढ़ते उत्साह में एक नया जोश भरता है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज़ ने 8 बार ऑस्कर जीत चुकी VFX कंपनी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर किया है। दो भागों में बन रही यह महागाथा दुनियाभर में IMAX फॉर्मेट में रिलीज़ होगी। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के अवसर पर 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज़ होगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें