दिल्ली : कब्जा हटने के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर में ईसी करेगा परिसीमन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 28 नवंबर 2026

दिल्ली : कब्जा हटने के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर में ईसी करेगा परिसीमन

ec-drlimitation-in-pok
नई दिल्ली। लोकसभा में पेश होने के लिए सूचीबद्ध एक विधेयक में जम्मू-कश्मीर के पाकिस्तान के कब्जे वाले हिस्से में निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण (परिसीमन) के वास्ते एक अग्रिम प्रावधान किया गया है, जो कब्जा समाप्त होने के बाद प्रभावी होगा। परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 की धारा 3(4) में कहा गया है कि ‘‘जब यह क्षेत्र... इस प्रकार के कब्जे से मुक्त हो जाएगा’’, तो निर्वाचन आयोग (ईसी) उस क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर विधानसभा क्षेत्रों के लिए परिसीमन आयोग के रूप में कार्य करेगा। यह प्रावधान सशर्त है। विधेयक में ‘‘पाकिस्तान के कब्जे में आने वाले’’ वाक्यांश का उपयोग किया गया है। इसमें ‘पीओके’ शब्द का प्रयोग नहीं किया गया है। इस क्षेत्र के लिए निर्वाचन आयोग स्वयं परिसीमन आयोग के रूप में कार्य करेगा। इसके अतिरिक्त, विधेयक में उच्चतम न्यायालय के किसी वर्तमान या सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक अलग आयोग के गठन का प्रावधान है, जिसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त या कोई चुनाव आयुक्त और राज्य चुनाव आयुक्त सदस्य के रूप में शामिल होंगे। यह प्रावधान केवल जम्मू-कश्मीर विधानसभा तक ही सीमित है। इसमें इस क्षेत्र के लिए लोकसभा सीट का कोई उल्लेख नहीं है। विधेयक में लंबे समय से इस क्षेत्र के लिए आरक्षित रखी गई 24 विधानसभा सीट का भी जिक्र नहीं है और न ही यह स्पष्ट किया गया है कि सीट में 50 प्रतिशत की प्रस्तावित वृद्धि वहां लागू होगी या नहीं। सरकार अलग से 'केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) द्वितीय विधेयक, 2026' भी पेश करेगी, जिसका उद्देश्य दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी के तीन कानूनों में संशोधन करना है ताकि उन्हें प्रस्तावित 132वें संविधान संशोधन के अनुरूप बनाया जा सके, जो सीट में 50 प्रतिशत की वृद्धि के साथ नए परिसीमन के बाद महिला आरक्षण को लागू करेगा। दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी विधानसभा वाले तीन केंद्र शासित प्रदेश हैं। वर्ष 2029 से महिला आरक्षण को लागू करने के लिए संविधान (131वें) संशोधन विधेयक के साथ-साथ परिसीमन और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े ये विधेयक इससे पहले अप्रैल में पेश किए गए थे। चूंकि संख्याबल के अभाव में संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका था, इसलिए अन्य दो विधेयकों पर मतदान नहीं हो पाया था। अब उन दोनों लंबित विधेयकों को वापस लिया जाएगा और सोमवार को नए संविधान संशोधन विधेयक के साथ नए सिरे से पेश किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: