दिल्ली : नये आरक्षण विधेयक में सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव, 2051 तक नहीं होगा परिसीमन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 28 नवंबर 2026

दिल्ली : नये आरक्षण विधेयक में सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव, 2051 तक नहीं होगा परिसीमन

delimitation-bill-in-parliament
नई दिल्ली। अगले सप्ताह संसद में पेश किए जाने वाले 'संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026' में महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए लोकसभा की सीट में 50 प्रतिशत की वृद्धि और 2051 तक परिसीमन पर रोक लगाने का प्रस्ताव है। प्रस्तावित कानून अप्रैल में पेश किए गए संविधान (131वें संशोधन) विधेयक से एक बड़ा बदलाव दर्शाता है, जिसमें महिला आरक्षण के कार्यान्वयन को सुगम बनाने का प्रयास तो किया गया था, लेकिन न तो सीट की संख्या बढ़ाने का प्रावधान था और न ही परिसीमन पर लगी रोक को आगे बढ़ाने की व्यवस्था थी। यह विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत के अभाव में लोकसभा में पारित नहीं हो पाया था। अब नये विधेयक में ये बदलाव पिछले परिसीमन प्रस्ताव पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व में दक्षिणी राज्यों के कड़े विरोध की पृष्ठभूमि में किए गए हैं। द्रमुक का तर्क था कि जिन राज्यों ने जनसंख्या वृद्धि को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया है, उन्हें संसद में उनके सापेक्ष प्रतिनिधित्व को कम करके दंडित नहीं किया जाना चाहिए। द्रमुक का यह स्पष्ट रुख रहा है कि सदन के किसी भी विस्तार में लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। 


पार्टी ने इस बात पर भी जोर दिया है कि 1971 की जनगणना पर आधारित राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का सापेक्ष अनुपात अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रहना चाहिए। नए विधेयक में राज्यों के बीच लोकसभा सीट के आवंटन के लिए 1971 की जनगणना को ही आधार बनाए रखा गया है, जबकि राज्यों के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण के लिए नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों का प्रावधान किया गया है। इसमें विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या को 500 से बढ़ाकर 650 करने और लोकसभा की अधिकतम सीमा को 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीट शामिल हैं। अप्रैल के विधेयक के विपरीत, नवीनतम प्रस्ताव में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सीट में एकसमान 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है तथा अंतर-राज्यीय आवंटन पर लगी रोक को 2051 तक बढ़ाया गया है। इसका उद्देश्य उन चिंताओं को दूर करना है कि जनसंख्या आधारित परिसीमन से राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा संतुलन बदल सकता है। संविधान संशोधन के पारित होने के लिए आवश्यक विशेष बहुमत हासिल करने के सरकार के प्रयासों में द्रमुक का समर्थन एक महत्वपूर्ण कारक बनकर उभरा है।

कोई टिप्पणी नहीं: