दिल्ली : देश बहादुर जवानों को सलाम करता है, लश्कर के आतंकवादी के मारे जाने पर शाह ने कहा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 18 नवंबर 2026

दिल्ली : देश बहादुर जवानों को सलाम करता है, लश्कर के आतंकवादी के मारे जाने पर शाह ने कहा

amit-shah-on-laskar-terrarist-kilked
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कश्मीर घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के अंतिम ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी के बुधवार को मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच ‘‘अत्यंत उच्च स्तर का तालमेल’’ देखने को मिला। सुरक्षाबलों ने बुधवार सुबह दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मुठभेड़ के दौरान लतीफ भट को मार गिराया। भट 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक चौकी पर हुए हमले के सिलसिले में वांछित था। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी ने देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में एक मस्जिद में शरण ले रखी थी और उसने सेना एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई बार अपील किए जाने के बावजूद आत्मसमर्पण नहीं किया। शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) और खुफिया एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से घाटी में लश्कर के अंतिम ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को आज तड़के कुलगाम में एक अभियान के दौरान मार गिराया गया।’’ शाह ने कहा कि भट के एक आतंकवादी साथी उमर निसार को भी इससे पहले कुलगाम में मार गिराया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘पूरे अभियान के दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहद उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला।’’ उन्होंने कहा, ‘‘देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।’’ अधिकारियों के अनुसार, भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार 11 नवंबर को किए गए उस हमले में शामिल थे जिसमें सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे। डार सोमवार को कुलगाम के लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि भट सुरक्षाबलों को चकमा देकर भाग गया था।

कोई टिप्पणी नहीं: