दिल्ली : नीट प्रश्नपत्र लीक मामला, अदालत का 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 18 नवंबर 2026

दिल्ली : नीट प्रश्नपत्र लीक मामला, अदालत का 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश

Neet-paper-leak
नई दिल्ली । एक अदालत ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक मामले में बुधवार को 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया। विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने सभी आरोपियों को औपचारिक रूप से 21 नवंबर को अदालत में पेश करने का निर्देश दिया। अदालत ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साक्ष्य नष्ट करने समेत विभिन्न अपराधों के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी आरोप तय किए जाएंगे। अदालत ने सभी आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 (कॉपीराइट का उल्लंघन) के तहत भी आरोप तय करने का आदेश दिया। न्यायाधीश ने कहा कि मामले की सुनवाई 25 नवंबर से प्रतिदिन के आधार पर शुरू की जाएगी। अदालत के विस्तृत आदेश की प्रतीक्षा है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इससे पहले परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और अन्य अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े आपराधिक मामलों की सुनवाई करने वाली त्वरित अदालत में 13 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। जांच एजेंसी ने 14वें आरोपी शेषराव बजरंग सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ पूरक आरोपपत्र भी दाखिल किया था। महाराष्ट्र के नांदेड़ निवासी सूर्यवंशी को दो सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक), यानी नीट-यूजी का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए करती है। प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच एनटीए ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं: