नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने घर खरीदारों से करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में शुक्रवार को रियल एस्टेट कंपनी रहेजा डेवलपर्स, इसके मुख्य प्रवर्तक नवीन रहेजा और उनके परिवार के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक विज्ञप्ति में बताया कि साकेत स्थित धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के मामलों की विशेष अदालत में अभियोजन शिकायत (आरोप पत्र) दाखिल की गई। इसके मुताबिक आरोप पत्र में 2,399.65 करोड़ रुपये के मौजूदा बाजार मूल्य (बुकिंग मूल्य 810 करोड़ रुपये) वाली संपत्तियों को जब्त करने का अनुरोध किया गया है। आरोप पत्र में नामजद आरोपियों में रहेजा डेवलपर्स लिमिटेड (आरडीएल), इसके प्रबंध निदेशक नवीन रहेजा, उनके बेटे नयन रहेजा, बेटी नयना सिंघानिया, पत्नी निर्मल रहेजा और 16 अन्य व्यक्ति तथा संस्थाएं शामिल हैं। ईडी के मुताबिक धनशोधन का यह मामला घर खरीदारों की शिकायतों के आधार पर दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) और गुरुग्राम पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी पर आधारित है। विज्ञप्ति के मुताबिक खरीदारों ने समूह की रहेजा रेवांता, अटलांटिस, नवीन मीनार और द दिल्ली मॉल जैसी परियोजनाओं में आवासीय फ्लैट और वाणिज्यिक इकाई खरीदने के लिए भुगतान किया, लेकिन उन्हें न तो संपत्ति का स्वामित्व मिला और न ही उनके पैसे वापस किये गए। एजेंसी ने आरोप लगाया कि आरडीएल ने दिल्ली और गुरुग्राम में अपनी आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाओं के लिए लगभग 4,600 खरीदारों और निवेशकों से समय पर कब्जा देने का वादा करके 2,699 करोड़ रुपये जुटाए। ईडी ने कहा, ‘‘निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने के बजाय, 1,353.26 करोड़ रुपये की राशि को अब तक ‘अपराध से प्राप्त रकम’ माना गया है। इसमें से 1,175.86 करोड़ रुपये परियोजना, एस्क्रो और रेरा खातों से निर्माण के अलावा अन्य कार्यों के लिए निर्धारित किये गए थे, और 177.40 करोड़ रुपये घर खरीदारों से पंजीकरण के लिए नकद के रूप में लिए गए थे।’’ इसमें दावा किया गया कि समूह की अधिकांश परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं। रहेजा डेवलपर्स ने पहले कहा था कि गुरुग्राम में उनकी परियोजना ‘रहेजा रेवंता’ में देरी का मुख्य कारण जरूरी सरकारी बुनियादी ढांचे की कमी थी, जबकि उन्होंने सभी आवश्यक शुल्क का पूरा भुगतान कर दिया था।
शनिवार, 7 नवंबर 2026
दिल्ली : ईडी ने रहेजा बिल्डर, प्रवर्तक के परिवार के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया
Tags
# देश
# व्यापार
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
व्यापार
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें