धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज यह मामला पंजाब सतर्कता ब्यूरो की उस प्राथमिकी से जुड़ा है, जिसमें अरोड़ा पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया है। ईडी ने एक बयान में आरोप लगाया कि अरोड़ा ने अपने खिलाफ लंबित जांच को निपटाने के लिए सतर्कता ब्यूरो के एक वरिष्ठ अधिकारी को एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने की पेशकश की थी। बयान के मुताबिक, उन्हें 15 अक्टूबर, 2022 को जीरकपुर में कथित तौर पर 50 लाख रुपये की अग्रिम रिश्वत देते हुए गिरफ्तार किया गया था। एजेंसी ने आरोप लगाया कि मार्च 2017 से सितंबर 2021 तक पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री रहने के दौरान अरोड़ा ने पीएसआईईसी के कीमती औद्योगिक भूखंडों के हस्तांतरण में निजी रियल एस्टेट कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाया और इसके बदले अपने बेटे प्रतीक अरोड़ा के नाम पर रियल एस्टेट कंपनियों में हिस्सेदारी हासिल की। पीएसआईईसी पंजाब सरकार की एक एजेंसी है, जिस पर लघु उद्योगों को बढ़ावा देने और औद्योगिक बुनियादी ढांचे के विकास की जिम्मेदारी है।
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पंजाब के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा ने पंजाब लघु उद्योग निर्यात निगम (पीएसआईईसी) के कीमती औद्योगिक भूखंडों के हस्तांतरण में निजी रियल एस्टेट कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाया। एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रह चुके 68-वर्षीय अरोड़ा ने अपने बेटे प्रतीक अरोड़ा के नाम पर रियल एस्टेट कंपनियों में हिस्सेदारी हासिल की। धनशोधन की जांच के तहत केंद्रीय एजेंसी ने दो और तीन नवंबर को अरोड़ा के खिलाफ तलाशी अभियान चलाया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें