सीहोर : गोपाष्टमी महोत्सव से एक दिन पहले कुबेरेश्वरधाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 16 नवंबर 2026

सीहोर : गोपाष्टमी महोत्सव से एक दिन पहले कुबेरेश्वरधाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब

  • गोवर्धन पूजन की भव्य झांकी, 56 व्यंजनों और 108 भोग से सजेगा अन्नकूट महोत्सव, औषधीय एवं पौष्टिक सामग्री से तैयार होंगे पकवान
  • फल की चिंता किए बिना अपना कर्तव्य निभाएं, भगवान शिव के प्रति सच्चा समर्पण जीवन के संकटों को दूर करता है : अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक प्रदीप मिश्रा

Gopashtami-mahotsav-sehore
सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में गोपाष्टमी और अन्नकूट महोत्सव को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। महोत्सव के एक दिन पहले ही हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में गोपाष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजन की भव्य-दिव्य झांकी सजाई जाएगी। भगवान गिरिराज गोवर्धन को 56 व्यंजनों के साथ 108 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। खास बात यह रहेगी कि इस बार अन्नकूट के पकवानों में स्वाद के साथ स्वास्थ्य और पोषण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। मंगलवार सुबह मुरली मनोहर मंदिर परिसर में भगवान शिव-पार्वती, भगवान श्रीराम-सीता तथा भगवान श्रीकृष्ण-राधा का विशेष श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की जाएगी। आरती के पश्चात सुबह ग्यारह बजे से श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी का वितरण किया जाएगा। धाम की विशाल भोजनशाला में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। अन्नकूट महोत्सव के अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी।


फल की चिंता किए बिना अपना कर्तव्य निभाएं : पं. प्रदीप मिश्रा

सोमवार को कुबेरेश्वरधाम पहुंचे श्रद्धालुओं से भेंट के दौरान अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने संदेश में कहा कि मनुष्य को फल की चिंता किए बिना अपना कर्तव्य पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाना चाहिए। भगवान शिव के प्रति सच्चा समर्पण जीवन के संकटों को दूर करने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सादगी पसंद व्यक्ति बाहरी तड़क-भड़क के बजाय इंसान के गुणों, व्यवहार और सच्चे रिश्तों को महत्व देता है। जीवन में अच्छे कर्म, सेवा और भक्ति का विशेष महत्व है।


औषधीय और पौष्टिक सामग्री से तैयार होंगे 56 प्रकार के व्यंजन

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि इस बार अन्नकूट महोत्सव की विशेषता यह है कि भगवान गिरिराज को अर्पित किए जाने वाले भोग में स्वास्थ्य और पोषण का विशेष ध्यान रखा गया है। इम्युनिटी मजबूत करने वाली औषधीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री से विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार किए गए हैं। इनमें तुलसी, नारियल, अदरक, दही, पनीर, आंवला, पालक, मेथी, ड्राय फ्रूट और कद्दू की सब्जी सहित अनेक पौष्टिक सामग्रियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक प्रकार की मिठाइयां और श्रद्धालुओं के लिए विशेष शुगर फ्री मिठाइयां भी तैयार की गई हैं। मंदिर परिसर में 56 प्रकार की सामग्री से गिरिराज गोवर्धन का प्रतिरूप तैयार किया जाएगा। आकर्षक रंगोली और विभिन्न पकवानों की झांकियां भी सजाई जाएंगी। भगवान श्रीकृष्ण को 56 व्यंजनों और 108 भोग अर्पित करने के साथ विधि-विधान से गोवर्धन पूजन किया जाएगा। सनातन परंपरा में अन्नकूट महोत्सव का विशेष धार्मिक महत्व है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। गोपाष्टमी पर गौमाता और गोवंश की पूजा कर उनके संरक्षण एवं सेवा का संकल्प लिया जाता है। कुबेरेश्वरधाम में आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं: