- नमो से अस्सी और दशाश्वमेध से सामने घाट तक व्रतियों का रेला, छठ गीतों से गूंज उठी काशी; कुंडों, तालाबों और पोखरों पर भी उमड़ा जनसमूह
- शास्त्री घाट पहुंचे मंत्री रविन्द्र जायसवाल, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष; एनडीआरएफ की टीमें रहीं मुस्तैद
गोधूलि बेला में सूर्यदेव को अर्घ्य, गूंज उठे घाट
दोपहर बाद से ही घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सूप और दउरा में नारियल, केला, गन्ना, अदरक, हल्दी, शकरकंद, मौसमी फल और घरों में शुद्धता से तैयार ठेकुआ सजाए गए थे। कहीं दूध और गंगाजल से भरे कलश रखे थे तो कहीं केले के पत्तों और फूलों से पूजन स्थल सजाया गया था। जैसे-जैसे अर्घ्य का समय करीब आता गया, घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। व्रती जल में उतरकर सूर्य की ओर एकटक निहारते रहे। फिर गोधूलि बेला में अस्ताचलगामी सूर्य को दूध और गंगाजल से अर्घ्य अर्पित कर परिवार के आरोग्य, संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की। सूर्य की अंतिम किरणों के साथ घाटों पर दीपों की कतारें और श्रद्धा के उठे हाथ एक अद्भुत आध्यात्मिक दृश्य रचते रहे।
छठ गीतों में घुली लोकसंस्कृति की मिठास
घाटों पर छठ की पारंपरिक धुनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। 'केलवा के पात पर उगेलन सुरुज मल झांके ऊंके...' और 'कांच ही बांस के बहंगिया...' जैसे लोकगीतों की स्वर लहरियां गंगा की लहरों के साथ दूर तक गूंजती रहीं। कहीं महिलाएं समूह में गीत गा रही थीं तो कहीं परिवार की बुजुर्ग महिलाएं नई पीढ़ी को पर्व की परंपराओं और महत्ता से परिचित करा रही थीं। कई व्रती दंडवत प्रणाम करते हुए घाटों तक पहुंचे। घाटों पर समितियों की ओर से आकर्षक सजावट की गई थी। कहीं दीपों से सूर्य की आकृति बनाई गई तो कहीं फूलों से सजी वेदिकाओं और प्रतिमाओं ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झिलमिल रोशनी, दीपों की लौ और लोकगीतों की गूंज ने काशी की संध्या को अविस्मरणीय बना दिया।
शास्त्री घाट पहुंचे मंत्री रविन्द्र जायसवाल, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
कचहरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस मौके पर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल मौजूद रहे। उन्होंने व्रतियों और श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं तथा घाट पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री ने साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों पर संतोष व्यक्त किया। उनके निर्देश पर घाट पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। हर साल शास्त्री घाट पर बढ़ती श्रद्धालुओं की भागीदारी इस पर्व के प्रति लोगों के गहरे लगाव और लोकआस्था की मजबूत होती परंपरा का प्रमाण बनी रही। यहां परिवारों की सामूहिक मौजूदगी और छठ गीतों की गूंज ने पूरे परिसर को भक्तिमय कर दिया।
एनडीआरएफ की मुस्तैदी, जल और थल दोनों पर निगरानी
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। गंगा घाटों पर एनडीआरएफ की टीमें मुस्तैद रहीं। मोटरबोट, प्रशिक्षित गोताखोरों, लाइफ जैकेट और अन्य बचाव उपकरणों के साथ जल सुरक्षा पर नजर रखी गई। पुलिस और जल पुलिस के जवान भीड़ प्रबंधन में जुटे रहे। प्रमुख घाटों पर प्रकाश, साफ-सफाई और आवागमन की व्यवस्था की गई थी। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय समितियों ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
डूबते सूर्य को प्रणाम, जीवन का अनूठा दर्शन
छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता उसका जीवन-दर्शन है। दुनिया सामान्यतः उगते सूर्य को प्रणाम करती है, लेकिन छठ हमें डूबते सूर्य के सामने भी उतनी ही श्रद्धा से सिर झुकाना सिखाता है। यह केवल सूर्योपासना नहीं, बल्कि समय, प्रकृति और जीवन की परिवर्तनशीलता को स्वीकार करने का संदेश है। उदय जितना सत्य है, अस्त भी उतना ही अटल। आज जो डूब रहा है, वह कल नए प्रकाश के साथ फिर उदित होगा। यही प्रकृति का नियम और जीवन की सबसे बड़ी सीख है। सूर्य की आराधना के बहाने यह पर्व जल, धरती, वायु और समूची प्रकृति के प्रति मनुष्य की कृतज्ञता भी व्यक्त करता है। इसमें जाति, वर्ग और संपन्नता का कोई भेद नहीं; एक ही जल में खड़े होकर सभी परिवार के मंगल की कामना करते हैं। यही छठ की सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक महत्ता है।
भोर में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य, फिर होगा पारण
संध्या अर्घ्य के साथ व्रतियों की कठिन साधना का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा हुआ। खरना के बाद शुरू हुआ लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास अब सोमवार की भोर में पूर्ण होगा। इसके लिए व्रती एक बार फिर घाटों और जलाशयों पर पहुंचेंगे। उदीयमान सूर्य की पहली किरण के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद पारण कर चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। सूर्य की अंतिम किरणों में मांगी गई मन्नतें अब उगते सूरज की पहली किरण के साथ पूर्णता पाएंगी। गंगा की लहरों पर आस्था का यह उत्सव एक बार फिर काशी की सांस्कृतिक स्मृतियों में अमिट छाप छोड़ जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें