- सेकेंड एकलव्य टी-20 कॉरपोरेट ट्रॉफी लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में गहलोत वारियर्स को 16 और डीजीपी इलेवन को 13 रन से हराया
हेमंत चौरसिया ने पांच विकेट लेकर दिखाई गेंदबाजी की धार
पहले मुकाबले में विंटेज वाइपर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाए। टीम की ओर से आर्य सूद ने 23 गेंदों पर 40 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि निखिल यादव ने 17 रन का योगदान दिया। गहलोत वारियर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए हेमंत चौरसिया ने शानदार प्रदर्शन किया और चार ओवर में मात्र 14 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। आशीष ने तीन तथा गोलू राठौर ने एक विकेट लिया। 125 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गहलोत वारियर्स की टीम 19.3 ओवर में 108 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से हेमंत केसरिया ने 31, वीरेंद्र वर्मा ने 16, अमित शर्मा ने 17 और कमलेश पारोचे ने 11 रन बनाए। विंटेज वाइपर की ओर से अनुपम ने चार विकेट हासिल किए, जबकि मयंक पटेल, प्रणव अग्रवाल और भाग्य स्वामी ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
जेपी यादव और पियुष राज सक्सेना की शानदार पारियां
प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला अलिशा इंटरप्राइजेज और डीजीपी इलेवन के बीच खेला गया। इसमें अलिशा इंटरप्राइजेज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 131 रन बनाए। टीम की ओर से जेपी यादव ने 47 रन और पियुष राज सक्सेना ने 46 रन की शानदार पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीजीपी इलेवन की टीम निर्धारित ओवरों में 118 रन ही बना सकी। इस तरह अलिशा इंटरप्राइजेज ने 13 रन से मुकाबला अपने नाम किया। प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि कॉरपोरेट ट्रॉफी के माध्यम से शहर के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का बेहतर मंच मिल रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा ले रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें