वाशिंगटन : एफबीआई डेटाबेस हैक होने की घटना से 'कुछ नई बातें जानने' का मिल सकता है मौका: ट्रंप - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 22 नवंबर 2026

वाशिंगटन : एफबीआई डेटाबेस हैक होने की घटना से 'कुछ नई बातें जानने' का मिल सकता है मौका: ट्रंप

cybar-attack-trump
वाशिंगटन, 22 नवंबर । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) के राष्ट्रीय अपराध सूचना केंद्र (एनसीआईसी) डेटाबेस पर संदिग्ध साइबर हमले को अच्छा नहीं माना है, लेकिन साथ ही कहा है कि इससे 2016 की रूस जांच और चुनावी धांधली जैसे मुद्दों पर 'कुछ नई बातें जानने' का मौका मिल सकता है। एक साक्षात्कार के दौरान जब श्री ट्रंप से सीएनएन की उस रिपोर्ट के बारे में पूछा गया, जिसमें कहा गया था कि एफबीआई का एनसीआईसी हैक हो गया है, तो उन्होंने कहा, "मैं हमेशा चीजों को सकारात्मक नजरिए से देखना पसंद करता हूं।" उल्लेखनीय है कि एनसीआईसी एक ऐसा देशव्यापी डेटाबेस है, जिसका इस्तेमाल संघीय, राज्य और स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियां आपराधिक न्याय से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए करती हैं। श्री ट्रंप ने डेटाबेस हैक होने की इस खबर की पुष्टि नहीं की। उन्होंने इसके बजाय मतदान में धांधली और उन घटनाओं का जिक्र किया जिन्हें वे 'रूस से जुड़ा धोखा' और 'यूक्रेन से जुड़ा धोखा' कहते हैं। श्री ट्रंप ने कहा, "एक तो वह 'रूस, रूस, रूस' वाला धोखा था और भी कई ऐसे धोखे हुए हैं। हम इसे 'यूक्रेन, यूक्रेन, यूक्रेन' वाला धोखा कहते हैं... जबकि वह एक 'परफेक्ट फोन कॉल' था, जैसा कि मैं हमेशा कहता हूं।" श्री ट्रंप 2019 में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ हुई अपनी फोन बातचीत का जिक्र कर रहे थे, जिसमें उन्होंने श्री जेलेंस्की पर तत्कालीन पूर्व उपराष्ट्रपति जो बाइडेन (जो उस समय राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे) के खिलाफ जांच करने का दबाव डाला था। श्री ट्रंप ने कहा, "ऐसी और भी कई चीजें हैं। शायद हमें उनके बारे में भी पता चल जाए। हो सकता है कि हमें मतदान में धांधली के बारे में पता चले, वह मतदान धांधली जो हुई थी।" डेटाबेस हैक होने की यह खबर ऐसे समय में आई है जब पिछले एक सप्ताह में अमेरिका में कई तकनीकी गड़बड़ियां देखने को मिली हैं, जिनका असर विमानन, बैंकिंग, ई-मेल सेवाओं और अन्य प्लेटफॉर्म पर पड़ा है।इन गड़बड़ियों की शुरुआत पिछले सप्ताह माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई वैश्विक रुकावट से हुई, जिससे आउटलुक और टीम्स जैसे प्लेटफॉर्म प्रभावित हुए। इसके एक दिन बाद संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने दूरसंचार संबंधी समस्याओं के कारण पूरे देश में विमानों की उड़ानें रोक दीं। यह रोक चार घंटे से भी ज्यादा समय तक चली, जिसके कारण आने वाले दिनों में हजारों उड़ानें या तो देरी से चलीं या रद्द कर दी गईं। इसके अगले सप्ताह, चेस, बैंक ऑफ अमेरिका और वेल्स फार्गो जैसे कई बड़े बैंकों के ग्राहकों ने भी अपने खातों तक पहुंचने में दिक्कतें आने की शिकायत की। इन रुकावटों के कारण साइबर हमलों की अटकलें तेज हो गईं लेकिन गृह सुरक्षा सचिव मार्कवेन मुलिन समेत ट्रम्प प्रशासन के अधिकारियों ने बार-बार यही कहा कि इन घटनाओं का साइबर हमलों से कोई लेना-देना नहीं है।साइबर अपराध को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच न्याय विभाग और गृह सुरक्षा सचिव विभाग ने साइबर खतरों से निपटने के लिए एक नया 'साइबर अपराध समन्वय केंद्र' बनाने की घोषणा की। ये घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आए हैं, जब श्री ट्रंप ने राष्ट्रीय साइबर निदेशक शॉन केर्नक्रॉस को उनके पद से हटा दिया है। श्री केर्नक्रॉस के जाने के बाद गुरुवार को व्हाइट हाउस ने पेंटागन की मुख्य सूचना अधिकारी कर्स्टन डेविस को राष्ट्रीय साइबर कोषांग के कार्यकारी प्रमुख के रूप में नियुक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं: