मधुबनी : 23 नवंबर को कमला नदी तट, जयनगर में होगा कमला महोत्सव का आयोजन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 22 नवंबर 2026

मधुबनी : 23 नवंबर को कमला नदी तट, जयनगर में होगा कमला महोत्सव का आयोजन

  • तैयारियाँ तेज,  भव्य एवं आकर्षक आयोजन की तैयारी, मिथिला की कला, संस्कृति एवं कमला नदी की ऐतिहासिक विरासत को मिलेगी नई पहचान

Kamla-mahotsav-jaynagar-madhubani
मधुबनी, 22 नवंबर (रजनीश के झा) । जिले की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान देने तथा मिथिला की समृद्ध लोक संस्कृति को व्यापक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आगामी 23 नवंबर 2026 को जयनगर स्थित कमला नदी तट पर कमला महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव को लेकर  व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव का आयोजन 23 नवंबर को अपराह्न 3 बजे से कमला नदी तट, जयनगर में निर्धारित है। कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा युवा एवं रोजगार कौशल विकास विभाग के मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, बिहार सरकार के माननीय नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री श्री नीतीश मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त बिहार सरकार की मंत्री श्रीमती शीला कुमारी, राज्यसभा एवं लोकसभा के माननीय सांसदगण, बिहार विधान परिषद एवं बिहार विधानसभा के माननीय सदस्यगण तथा जिला परिषद एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। कमला महोत्सव का उद्देश्य कमला नदी की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को रेखांकित करने के साथ-साथ मिथिला की कला, संस्कृति, परंपरा एवं लोक विरासत को प्रोत्साहित करना है। यह आयोजन स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक प्रतिभाओं एवं कला-संस्कृति से जुड़े लोगों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।


जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने कमला महोत्सव को भव्य, आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समारोह का सफल संचालन एवं संपादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।समारोह के कुशल प्रबंधन, समन्वय एवं संचालन की संपूर्ण जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी, जयनगर को सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर), जयनगर तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), जयनगर को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि आयोजन स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर सुनिश्चित की जाएं। संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय के साथ आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दें। प्रशासन की पहल से आयोजित यह महोत्सव जयनगर सहित संपूर्ण मधुबनी जिले के लिए सांस्कृतिक गौरव का अवसर होगा। प्रशासन का प्रयास है कि कमला महोत्सव-2026 का आयोजन गरिमामय, भव्य एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो तथा मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को एक नई ऊंचाई प्राप्त हो।

कोई टिप्पणी नहीं: