मुंबई : विशेष मुहूर्त कारोबार में सेंसेक्स गिरा, दिवाली पर आठ साल से जारी तेजी का सिलसिला टूटा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 8 नवंबर 2026

मुंबई : विशेष मुहूर्त कारोबार में सेंसेक्स गिरा, दिवाली पर आठ साल से जारी तेजी का सिलसिला टूटा

deepawali-sensex-fall
मुंबई, 08 नवंबर । मानक शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी रविवार को दिवाली के विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र में मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। लगातार सात कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली से बाजार नीचे आया और इसके साथ ही दिवाली के दिन पिछले आठ वर्षों से जारी बढ़त का सिलसिला भी टूट गया। हिंदू पंचांग वर्ष संवत 2083 की शुरुआत के मौके पर आयोजित विशेष कारोबारी सत्र में मजबूत शुरुआत करने के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स अपनी तेजी को कायम नहीं रख सका। सूचकांक 28.62 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,999.40 अंक पर बंद हुआ। इसके 16 शेयर लाभ में और 14 शेयर नुकसान में रहे। विशेष सत्र के दौरान सेंसेक्स एक समय 414.09 अंक या 0.51 प्रतिशत उछलकर 81,442.11 अंक के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया था। इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी सकारात्मक शुरुआत के बाद अंत में 43.95 अंक यानी 0.18 प्रतिशत फिसलकर 24,986.40 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, इन्फोसिस, भारती एयरटेल और एक्सिस बैंक में उल्लेखनीय गिरावट हुई। दूसरी तरफ सन फार्मा, टाटा स्टील, मारुति और पावर ग्रिड के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। मुहूर्त कारोबार दिवाली के अवसर पर आयोजित होने वाला एक प्रतीकात्मक बाजार सत्र है, जो नए हिंदू पंचांग वर्ष की शुरुआत का भी प्रतीक है। ऐसा माना जाता है कि 'मुहूर्त' या शुभ घड़ी के दौरान कारोबार करने से हितधारकों के लिए समृद्धि और वित्तीय प्रगति आती है। नियमित कारोबारी दिनों के विपरीत, जब शेयर बाजार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुलते हैं, मुहूर्त कारोबार एक छोटी अवधि के लिए संचालित होता है। पिछले संवत वर्ष 2082 में सेंसेक्स 3,398.32 अंक या चार प्रतिशत टूटा था, जबकि निफ्टी में 838.25 अंक या 3.24 प्रतिशत की गिरावट आई थी। पिछले लगातार सात कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स में 7,781.99 अंक यानी 10.62 प्रतिशत का उछाल आया, जबकि निफ्टी 2,331.5 अंक यानी 10.27 प्रतिशत चढ़ा। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के चेयरमैन और सह-संस्थापक रामदेव अग्रवाल ने कहा, ''दो वर्षों के ठहराव के बाद, कम मूल्यांकन और उच्च आय वृद्धि के कारण बाजार में अगली दिवाली तक निवेशकों को जोरदार रिटर्न देने की क्षमता है। तेल की कीमतों में संभावित गिरावट, स्थिर मुद्रा, विदेशी निवेशकों की वापसी, एआई को लेकर उत्साह में कमी और व्यापक स्तर पर कंपनियों की आय में वृद्धि से बाजार को समर्थन मिलेगा।''

कोई टिप्पणी नहीं: