दिल्ली : ईडी ने आईएएस अधिकारी की संपत्ति पीएमएलए के तहत कुर्क की - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 14 नवंबर 2026

दिल्ली : ईडी ने आईएएस अधिकारी की संपत्ति पीएमएलए के तहत कुर्क की

ed-seized-ias-property
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अरुणाचल प्रदेश में तैनाती के दौरान भ्रष्टाचार के मामले में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी पद्मा जायसवाल और उनके परिवार की 1.51 करोड़ रुपये की संपत्ति धनशोधन जांच के सिलसिले में शुक्रवार को कुर्क की। केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अंतरिम आदेश जारी कर चंडीगढ़ के सेक्टर-40डी स्थित बूथ नंबर 274 में एक व्यावसायिक संपत्ति कुर्क की गई है। यह संपत्ति जायसवाल के भाई विष्णु भानुप्रताप महतो के नाम पर है। इसके अलावा उनके नाम पर 9 लाख रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश भी जब्त किए गए हैं। ईडी ने बताया कि चंडीगढ़ स्थित संपत्ति का मौजूदा बाजार मूल्य 1.42 करोड़ रुपये है। ईडी की इस कार्रवाई पर टिप्पणी के लिए जायसवाल और उनके भाई से फिलहाल संपर्क नहीं हो सका। जायसवाल 2003 बैच की अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम एवं केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर की आईएएस अधिकारी हैं। उनके खिलाफ ईडी का धनशोधन मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी पर आधारित है। इसमें आरोप लगाया गया है कि अधिकारी ने अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला में पश्चिम कामेंग जिले की उपायुक्त के पद पर तैनाती के दौरान अन्य आरोपी सरकारी कर्मचारियों के साथ आपराधिक साजिश रचकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया था। ईडी के अनुसार, कथित तौर पर सरकार की तीन जमा मांग पर रसीदों (डीसीआर) को धोखाधड़ी से भुनाकर और इन लेनदेन को सरकारी लेनदेन के रूप में गलत तरीके से दिखाकर 28 लाख रुपये के कुल 10 डिमांड ड्राफ्ट निजी व्यक्तियों के पक्ष में जारी कराए गए थे। ईडी ने आरोप लगाया, ‘‘गबन की गई धनराशि को बाद में उनके करीबी रिश्तेदारों के नाम पर अचल संपत्तियां खरीदने के लिए हस्तांतरित किया गया और इस्तेमाल किया गया।’’ सीबीआई ने अगस्त 2024 में जायसवाल और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपपत्र दाखिल किया था।

कोई टिप्पणी नहीं: