- कोच राहुल क्रिकेट एरिना ने सुपर हिटर और डीजीपी इलेवन ने आरएसआई सीहोर को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, बीएसआई मैदान पर होगा रोमांचक मुकाबला

सीहोर। शहर के बीएसआई मैदान पर एकलव्य क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित सेकेंड एकलव्य टी-20 कॉरपोरेट ट्रॉफी लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को लीग चरण के अंतिम दो मुकाबले खेले गए। इनमें कोच राहुल क्रिकेट एरिना ने सुपर हिटर को 37 रन से तथा डीजीपी इलेवन ने आरएसआई सीहोर को 8 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के अगले चरण को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह है। बुधवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मुकाबले में कोच राहुल क्रिकेट एरिना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 18 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 156 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आकाश ने 43 गेंदों पर 65 रन की शानदार पारी खेली, जबकि नरेश बघेल ने 34 और रिजवान ने 27 रन का योगदान दिया। सुपर हिटर की ओर से गेंदबाजी करते हुए अजय मिश्रा और अशु ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि प्रविन्द्र पटेल और विजय को एक-एक विकेट मिला। 157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपर हिटर की टीम 15.2 ओवर में 119 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सौरभ यादव ने 39, साहिल ने 34 और अशु ने 18 रन बनाए। कोच राहुल क्रिकेट एरिना की ओर से गेंदबाजी करते हुए पियुष ने 3 विकेट हासिल किए। समीर और शोएब ने 2-2 विकेट, जबकि सलमान और दीपक मालवीय ने एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। इस तरह कोच राहुल क्रिकेट एरिना ने 37 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
डीजीपी इलेवन ने आरएसआई सीहोर को 8 विकेट से हराया
दूसरे मुकाबले में डीजीपी इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरएसआई सीहोर को 8 विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरएसआई सीहोर की टीम 19.4 ओवर में 98 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में डीजीपी इलेवन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 10.2 ओवर में 2 विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।
आज होंगे दोनों सेमीफाइनल मुकाबले
प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि बुधवार को बीएसआई मैदान पर दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल सुबह 9:30 बजे डीजीपी इलेवन और विंटेज वाइपर के बीच होगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल दोपहर 2 बजे अलिशा इंटरप्राइजेज और कोच राहुल क्रिकेट एरिना के मध्य खेला जाएगा। दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करने वाली टीमें फाइनल में प्रवेश करेंगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें