कटिहार में फर्जी पुलिस गिरफ्तार
आरोपी दीपक कुमार तो देखिए, पिछले 15 दिनों से अधिक समय से कटिहार पुलिस लाइन में रहकर तमाम गतिविधियों में भाग ले रहा था. बताया जा रहा है कि वह खुद को विशेष सशस्त्र पुलिस (Special Armed Police) जवानों के वाहन का चालक बताकर पुलिस लाइन परिसर में रह रहा था. मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. सहायक थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ यह मामला है. पुलिस के वरीय अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं.
SDPO के नेतृत्व में विशेष टीम बनी- SP
कटिहार के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने पूरी घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि दीपक कुमार करीब 15 दिनों से फर्जी पुलिसकर्मी बनकर पुलिस लाइन में रह रहा था. पूरे मामले की जांच के लिए सदर एसडीपीओ विशाल आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है. ''जांच टीम इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी पुलिस लाइन परिसर में कैसे दाखिल हुआ, उसने खुद को एसएपी जवानों के वाहन का चालक बताकर वहां जगह कैसे बनाई और इतने दिनों तक उसकी पहचान का सत्यापन क्यों नहीं हो सका? इसके अलावा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.''- परिचय कुमार, पुलिस अधीक्षक, कटिहार
उठ रहे हैं कई गंभीर सवाल
सबसे गंभीर सवाल यह है कि आखिर एक बाहरी व्यक्ति पुलिस विभाग के इतने संवेदनशील परिसर में लगातार 15 दिनों तक कैसे रहा? पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों की आवाजाही, वाहनों की व्यवस्था और विभागीय गतिविधियां संचालित होती हैं. ऐसे में बिना समुचित सत्यापन के किसी व्यक्ति का इतने दिनों तक परिसर में रहना सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करता है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें