ईरान ने होर्मुज से गुजरने पर लगी पाबंदी से भारत सहित चार देशों के जहाजों को छूट दी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 5 नवंबर 2026

ईरान ने होर्मुज से गुजरने पर लगी पाबंदी से भारत सहित चार देशों के जहाजों को छूट दी

iran-relief-in-hormuz
ईरान ने भारत और चीन सहित चार देशों के वाणिज्यिक जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने पर लगी पाबंदियों से छूट दी है। एक शीर्ष ईरानी अधिकारी ने यह जानकारी दी। ईरान ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब रणनीतिक महत्व के इस जलमार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहे जहाजों पर लगातार हमले हो रहे हैं। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के उपाध्यक्ष अमीर हयात मुकद्दम ने मंगलवार को 'ईरानियन स्टूडेंट्स न्यूज़ एजेंसी' को दिए एक साक्षात्कार में बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने पर लगी पाबंदियों से चार देशों के वाणिज्यिक जहाजों को छूट दी गई है। अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, उन्होंने कहा, ‘‘हमने फिलहाल चार देशों - भारत, चीन, इराक और कतर - को होर्मुज जलडमरूमध्य में आवाजाही संबंधी प्रतिबंधों से छूट दी है।’’ मुकद्दम ने कहा कि यह छूट कुछ खास बातों और आपसी हितों को ध्यान में रखकर दी गई है।


उन्होंने बताया कि भारतीय जहाजों को गुजरने की सुविधा देने का मकसद भारत से दवाओं का आयात करना है, जबकि चीनी जहाजों को दी गई छूट का उद्देश्य बीजिंग का राजनीतिक समर्थन हासिल करना है। फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी को जोड़ने वाले संकरे जलमार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर विश्व के करीब 20 प्रतिशत कच्चा तेल की ढुलाई होती है। इस जलमार्ग के ज़रिए होने वाला पोत परिवहन 28 फरवरी से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उस दिन अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर संयुक्त हमले किए, जिसके जवाब में ईरान ने भी जवाबी हमले शुरू कर दिए। अमेरिका और इज़राइल की बमबारी शुरू होने के तुरंत बाद ईरान ने इस जलमार्ग को बंद कर दिया था, और कुछ हफ़्तों बाद वाशिंगटन ने इसके जवाब में ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक घेराबंदी कर दी थी। ईरान ने जलमार्ग से आवाजाही को लेकर कड़े प्रतिबंध लगा रखे हैं। इससे केवल कुछ ही जहाजों को गुजरने की अनुमति दी गई है, जबकि बाकी जहाजों की जांच की जाती है और कुछ मामलों में उन्हें ट्रांजिट शुल्क भी देना पड़ता है। फरवरी से अब तक, इस समुद्री क्षेत्र में जहाजों पर हुए हमलों में कम से कम 15 भारतीय नाविक मारे जा चुके हैं। ओमान के लिमाह के पास सोमवार शाम वाणिज्यिक जहाज 'एमएसवी अल युसुफी' पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई।

कोई टिप्पणी नहीं: