नई दिल्ली । मणिपुर के पूर्व मंत्री चलतोलियन अमो और पूर्व राजस्व अधिकारी डी. पी. हाओकिप सोमवार को यहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हो गए। अमो मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के टिपाईमुख विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रह चुके हैं। वह 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के तौर पर टिपाईमुख सीट से चुनाव हार गए थे। वह पहली बार 1995 में विधायक बने थे। अमो ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मणिपुर प्रभारी सप्तगिरि शंकर उलाका और मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओ. इबोबी सिंह की मौजूदगी में औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेता और मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष केशम मेघचंद्र सिंह ने कहा, ‘‘मैं चुराचांदपुर जिले के टिपाईमुख विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. चलतोलियन अमो और इसी जिले के साइकोट विधानसभा क्षेत्र के डी. पी. हाओकिप का आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल होने पर हार्दिक स्वागत करता हूं।’’ इस अवसर पर मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विक्टर कीशिंग और मंगा वैफेई तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आमिर हुसैन भी मौजूद थे। मेघचंद्र सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं दोनों नेताओं का कांग्रेस परिवार में हार्दिक स्वागत करता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे मणिपुर में पार्टी को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा योगदान देंगे। आइए, हम सब मिलकर शांतिपूर्ण, एकजुट और समृद्ध मणिपुर के लिए काम करें।’’ मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
सोमवार, 2 नवंबर 2026
दिल्ली : मणिपुर के पूर्व मंत्री चलतोलियन अमो कांग्रेस में शामिल
Tags
# देश
# राजनीति
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
राजनीति
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें