दिल्ली : संजय से शादी, फिर परिवार में टकराव और अलगाव, सोनिया ने बयां की मेनका कहानी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 10 नवंबर 2026

दिल्ली : संजय से शादी, फिर परिवार में टकराव और अलगाव, सोनिया ने बयां की मेनका कहानी

menka-story-by-sonia
नई दिल्ली। संजय गांधी से प्रेम विवाह कर गांधी परिवार की छोटी बहू बनीं मेनका गांधी का इस परिवार से रिश्ता कैसे कड़वाहट और टकराव तक पहुंचा, इसकी कहानी सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में बयां की है। सोनिया ने किताब में पारिवारिक कलह, राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं, आपसी आरोप-प्रत्यारोप और अंततः मेनका के इंदिरा गांधी का घर छोड़ने के घटनाक्रम का उल्लेख किया है। उनके मुताबिक, 1973 के आखिरी महीनों में संजय गांधी और मेनका का परिचय हुआ था। इसके एक साल के भीतर दोनों की शादी हो गई और 18 साल की मेनका, गांधी परिवार का हिस्सा बन गईं। सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में एक ‘‘जोशीली और बातूनी लड़की’’ के गांधी परिवार की ‘‘छोटी बहू’’ बनने से लेकर घरेलू और राजनीतिक मतभेदों के कारण रिश्तों में आई कड़वाहट तक का घटनाक्रम बयान किया है, जिसे आज के दौर में ‘‘रियलिटी शो’’ कहा जा सकता है।

 

उन्होंने किताब में लिखा है, ‘‘मेनका में काफी उत्साह था। शुरुआत में घर में एक देवरानी का होना अच्छा लगा। लेकिन धीरे-धीरे माहौल बदलने लगा और घर में छोटी-छोटी बातों को लेकर परेशानियां पैदा होने लगीं।’’ हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित 526 पन्नों की इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के विभिन्न पड़ावों का जिक्र किया है। इसमें युद्ध के बाद के इटली में उनका बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में शादी, पति राजीव गांधी की हत्या और राजनीति में उनके प्रवेश की कहानी शामिल है। सोनिया लिखती हैं कि घर के कर्मचारी उन्हें ‘‘बहुरानी’’ कहकर संबोधित करते थे। वह मेनका और खुद को घर की ‘‘बराबर की बेटियां’’ मानती थीं और चाहती थीं कि दोनों के बीच पर्याप्त जगह और अपनापन बना रहे। उन्होंने लिखा, ‘‘...लेकिन शायद मेनका ने इसे खुद को कमतर समझे जाने के रूप में लिया। जब वह रूखाई से बात करतीं तो घर में शांति बनाए रखने के लिए मैं आमतौर पर चुप रह जाती थी, लेकिन जब मुझे लगता कि बात हद से आगे बढ़ गई है तो मैं भी उन्हें दो टूक जवाब देने से नहीं हिचकती थी।’’ शादी के कुछ ही समय बाद संजय और मेनका के बीच मतभेद परिवार के दूसरे सदस्यों के सामने आने लगे। दोनों के बीच बहस अधिक तेज और तीखी होने लगी थी। सोनिया लिखती हैं, ‘‘नाराज होने पर मेनका अपशब्दों का इस्तेमाल करती थीं, यहां तक कि मेरी सास के सामने भी। घर में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल वर्जित था। इससे संजय असहज हो जाते थे और हम सभी हैरान रह जाते थे। एक युवा लड़की के लिए संयुक्त परिवार में रहना आसान नहीं रहा होगा, खासकर तब जब उसका स्वभाव मिलनसार और लोगों से घुलने-मिलने वाला हो।’’ पुस्तक के मुताबिक, जब मेनका संजय के साथ राजनीतिक समारोहों और कार्यक्रमों में जाने लगीं तो वह परिवार में कुछ हद तक सहज होती दिखाई दीं। सोनिया गांधी लिखती हैं कि संजय पर मेनका का प्रभाव उनके और राजीव के रिश्तों में भी दखल देने लगा था। कुछ महीने पहले तक एक-दूसरे के बेहद करीब रहने वाले दोनों भाइयों के बीच कड़वाहट पैदा हो गई थी। आपातकाल के साथ संजय का नाम जुड़ने के बाद वह साक्षात्कारों में नौकरशाही की ‘‘धीमी कार्यप्रणाली’’ पर अपनी राय जाहिर करने लगे थे। उनके कुछ विचारों को प्रधानमंत्री की आलोचना के तौर पर भी देखा जा सकता था। 


संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को कांग्रेस के कुछ धड़ों का समर्थन मिलने लगा था। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा को लगने लगा था कि मेनका संजय को समझाने के बजाय उन्हें उनकी गतिविधियों के लिए उकसा रही हैं। सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी ने अपने तत्कालीन कैबिनेट सचिव पी एन धर से अपनी छोटी बहू के बारे में कहा था, ‘‘उसके अभी से पर निकलने लगे हैं।’’ वर्ष 1978 के संसदीय चुनाव के बाद मेनका की परिवार के प्रति ‘‘वैमनस्य’’ और बढ़ गया। राजीव का मानना था कि संजय ने चुनाव में कांग्रेस की करारी हार में बड़ी भूमिका निभाई थी। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने किताब में लिखा है, ‘‘उन्हें (राजीव) लगता था कि संजय की जिद, उतावलापन, बिना सोचे-समझे कार्यक्रम लागू करने की जल्दबाजी, अच्छी सलाह न मानने की प्रवृत्ति और कई मौकों पर अपनी मां की जानकारी के बिना काम करने से यह प्रतिकूल नतीजा सामने आया।’’ सोनिया एक पारिवारिक चर्चा का जिक्र करते हुए लिखती हैं कि उस दौरान राजीव ने संजय से बेहद नाराजगी में कहा था, ‘‘मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता, संजय। तुमने मां को इस हालत में पहुंचा दिया है।’’ सोनिया के मुताबिक, उनकी सास इंदिरा गांधी भी परेशान और व्यथित थीं। उन्होंने राजीव की बात का समर्थन करते हुए कहा, ‘‘राजीव ने जो कहा है, वह सही है, संजय! तुमने कितनी बार मेरी जानकारी के बिना आदेश दिए।’’ इसी दौरान मेनका ने हस्तक्षेप किया। इस पर इंदिरा गांधी ने ऊंची आवाज में उन्हें चुनौती दी कि वह इन आरोपों को गलत साबित करें। मेनका तुरंत पीछे हट गईं, लेकिन परिवार के प्रति उनकी नाराजगी और बढ़ गई। सोनिया लिखती हैं कि मेनका की व्यंग्यात्मक टिप्पणियां लगातार परेशानी का कारण बनने लगी थीं। उन्होंने लिखा, ‘‘जहां तक मेनका का सवाल था, हम उनके दुश्मन थे। वह उन पत्रकारों के जरिए हमारे बारे में कहानियां फैलाती थीं, जिनके संपर्क में वह थीं। हमें सबसे ज्यादा जिस बात से ठेस पहुंची, वह यह झूठा आरोप था कि चुनाव हारने के बाद राजीव और मैंने देश छोड़कर भागने की योजना बनाई थी।’’


उनका कहना है कि 23 जून, 1980 को एक विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत के बाद हालात और गंभीर हो गए। सोनिया के मुताबिक, माना जाता था कि मेनका की मां संजय के समर्थकों को कांग्रेस में उनकी पत्नी के लिए राजनीतिक पद की मांग करने के वास्ते प्रोत्साहित कर रही थीं। लेकिन इंदिरा गांधी का मानना था कि 23 साल की मेनका अभी नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए बहुत छोटी और अपरिपक्व थीं। इसके अलावा, उनका तीन महीने का बच्चा था और उन्हें उसकी देखभाल करनी चाहिए थी। इंदिरा का मानना था कि मेनका को धैर्य रखना चाहिए और अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं पूरी करने के लिए उनके पास आगे पर्याप्त समय होगा। हालांकि, जल्द ही स्पष्ट हो गया कि मेनका की निगाहें कहीं और थीं। संजय की मौत के एक साल से भी कम समय में परिवार से मेनका की विदाई के संकेत मिलने लगे। सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी ने अपने पोते फिरोज वरुण गांधी के पहले जन्मदिन पर एक छोटी-सी पारिवारिक पार्टी रखने का सुझाव दिया था। बाद में उन्हें पता चला कि पोते का जन्मदिन मनाया तो गया था, लेकिन वसुंधरा राजे के घर पर। वसुंधरा राजे ग्वालियर की पूर्व राजमाता विजया राजे सिंधिया की बेटी हैं, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की कट्टर समर्थक तथा उस समय इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी थीं। बाद में वसुंधरा राजस्थान की मुख्यमंत्री रहीं। सोनिया लिखती हैं कि यह आयोजन स्पष्ट रूप से इंदिरा गांधी को चोट पहुंचाने के इरादे से किया गया था। बाद में वसुंधरा राजे ने मेनका की पत्रिका ‘सूर्या’ को आरएसएस के एक सदस्य को बेचने में भी मदद की। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष के मुताबिक, यह कदम ‘‘न केवल इंदिरा गांधी, बल्कि उनके बेटे की स्मृति और उनके पिता समेत उन सभी लोगों का अपमान करने के समान था, जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई के दिनों से ही आरएसएस की सांप्रदायिक विचारधारा का विरोध किया था।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘इस कदम के साथ मेनका ने सारी हदें पार कर दी थीं। मेरी सास ने इसे खुली चुनौती के रूप में लिया।’’ सोनिया के मुताबिक, जब इंदिरा गांधी आधिकारिक दौरे पर लंदन में थीं, तब उन्हें खबर मिली कि मेनका अपना सामान घर से बाहर भिजवा रही हैं। लौटने पर उन्होंने मेनका को उनकी राजनीतिक गतिविधियों और परिवार के प्रति बेवफाई के लिए फटकार लगाई और साफ कर दिया कि उन्हें फैसला करना होगा कि वे अपनी गतिविधियां बंद करेंगी या फिर अलग रहने जाएंगी।


सोनिया लिखती हैं कि मेनका ने आरोपों से भरा एक पत्र भेजा, जिसका मकसद स्पष्ट रूप से अपनी सास की छवि खराब करना था। यह साफ हो गया था कि वह ऐसा विवाद खड़ा करना चाहती थीं, जिसके जरिए घर छोड़ने की जिम्मेदारी सार्वजनिक रूप से इंदिरा गांधी पर डाली जा सके। उन्होंने कई सप्ताह पहले ही एक पत्रकार मित्र को अपनी योजना बता दी थी। सोनिया के अनुसार, मेनका ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष पेश करते हुए घर छोड़ने के लिए न केवल इंदिरा गांधी, बल्कि राजीव और सोनिया को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने लिखा, ‘‘जिस तरह पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया गया और उसके बाद जिस तरह प्रचार का तमाशा खड़ा किया गया, उसने उस शर्मनाक घटना को ऐसा रूप दे दिया, जिसे आज के दौर में ‘रियलिटी शो’ कहा जाता।’’ इसके बाद के वर्षों में गांधी परिवार और मेनका के बीच फिरोज वरुण गांधी से मिलने के अधिकार को लेकर कानूनी लड़ाई चली। अंततः मेनका ने परिवार के सदस्यों को बच्चे से मिलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। सोनिया लिखती हैं, ‘‘जब कानूनी कार्यवाही लंबी खिंच रही थी, उसी दौरान फिरोज का चौथा जन्मदिन आ गया। तब तक मेरी सास पंजाब में आसन्न संकट में व्यस्त थीं। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं बच्चे के नर्सरी स्कूल में कुछ उपहार पहुंचा दूं।’’ उन्होंने आगे लिखा, ‘‘अगले दिन अखबारों में खबरें छपीं, जिनमें मेनका ने आरोप लगाया कि मेरी सास ने मुझे बच्चे का अपहरण करने के लिए भेजा था।’’ सोनिया के मुताबिक, मेनका के वकील को उनकी सास का आखिरी जवाब 19 अप्रैल, 1984 को भेजा गया था। इसके दो महीने से भी कम समय बाद वह सैन्य कार्रवाई हुई, जिसे ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ के नाम से जाना गया। मेनका ने 1984 के लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमाई थी, लेकिन राजीव गांधी से हार गईं। इसके बाद 1988 में वह वी पी सिंह के जनता दल में शामिल हुईं और 2004 में औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं।

कोई टिप्पणी नहीं: