दिल्ली : खाद्य सुरक्षा के मामले में भारत आत्मनिर्भर नहीं, आधा खाद्य तेल आयात करता है : नीति आयोग - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

दिल्ली : खाद्य सुरक्षा के मामले में भारत आत्मनिर्भर नहीं, आधा खाद्य तेल आयात करता है : नीति आयोग

niti-ayog-on-food-oil
नयी दिल्ली, 13 नवंबर । नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने शुक्रवार को कहा कि भारत अभी विभिन्न खाद्य उत्पादों की आपूर्ति के मामले में पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। देश अपनी खाद्य तेल की आधी से अधिक जरूरत आयात के जरिए पूरी करता है और दुनिया का सबसे बड़ा खाद्य तेल आयातक है। यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लाहिड़ी ने कहा कि भारत हर साल करीब 1.7 करोड़ टन खाद्यतेल का आयात करता है, जिसका मूल्य लगभग 20 अरब डॉलर है। उन्होंने कहा कि भारत दलहनों का दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता भी है। दुनिया में कुल दलहनों की खपत में भारत की हिस्सेदारी करीब एक चौथाई है। देश में हर साल लगभग 2.5 से 2.7 करोड़ टन दलहनों की खपत होती है। लाहिड़ी ने कहा, "हम वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित कृषि की बात कर रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या हम विभिन्न खाद्य उत्पादों की आपूर्ति के मामले में सुरक्षित हैं? शायद अभी नहीं।" उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकर हैरानी हुई कि भारतीयों के खाने में इस्तेमाल होने वाला चना ऑस्ट्रेलिया से आता है, जबकि मसूर का आयात ऑस्ट्रेलिया और कनाडा से किया जाता है। कुछ अन्य दालें म्यांमा, अफ्रीका और रूस से भी आती हैं। उन्होंने कहा कि भारत इंडोनेशिया, मलेशिया, अर्जेंटीना, ब्राजील, रूस और यूक्रेन से खाद्यतेल तथा तिलहन और ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, म्यांमा, अफ्रीका और रूस से दलहनें आयात करता है। इसमें सबसे बड़ी चिंता वैश्विक स्तर पर आपूर्ति बाधित होने या कीमतों में अचानक बढ़ोतरी का जोखिम है। लाहिड़ी ने कहा कि भारत में ज्यादातर लोगों के भोजन में दाल-चावल या दाल-रोटी शामिल होती है। ऐसे में इन जरूरी खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति में कोई बाधा या कीमतों में अचानक उछाल रणनीतिक संकट का रूप ले सकता है। उन्होंने कहा कि गेहूं और धान की खेती के वर्चस्व को कम करने के साथ ही खाद्यतेल और दलहनों की खेती को बढ़ावा देना चाहिए, क्योंकि इन फसलों में पानी की खपत अपेक्षाकृत कम होती है। नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने भारतीय कृषि में बर्बादी कम करने और उसे पूरी तरह खत्म करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

कोई टिप्पणी नहीं: