पटना : शिक्षा से राष्ट्र निर्माण का मौलाना आजाद का दृष्टिकोण सदैव स्मरणीय : सम्राट चौधरी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 11 नवंबर 2026

पटना : शिक्षा से राष्ट्र निर्माण का मौलाना आजाद का दृष्टिकोण सदैव स्मरणीय : सम्राट चौधरी

samrat-chaudhry-tribute-maulana-azad
पटना, 11 नवंबर । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उन्हें महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर विद्वान और स्वतंत्र भारत का प्रथम शिक्षा मंत्री बताते हुए उनके योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से एक सशक्त और प्रगतिशील राष्ट्र के निर्माण का मौलाना आजाद का दृष्टिकोण सदैव स्मरणीय है और हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा। मुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में कहा कि मौलाना आजाद का जीवन देशसेवा, ज्ञान और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। उल्लेखनीय है कि मौलाना अबुल कलाम आजाद का जन्म 11 नवंबर 1888 को मक्का में हुआ था। वह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी नेताओं में शामिल थे। महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई और हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रबल समर्थक रहे। वह 1923 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सबसे युवा अध्यक्ष बने और 1940 से 1946 तक दोबारा कांग्रेस अध्यक्ष का दायित्व संभाला। स्वतंत्रता के बाद वह देश के प्रथम शिक्षा मंत्री बने। उनके कार्यकाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) जैसी उच्च शिक्षा संस्थाओं के प्रादुर्भाव को दिशा मिली। शिक्षा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के सम्मान में उनके जन्मदिन 11 नवंबर को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 1992 में उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: