पटना : बिहार में घाटों पर कड़ी सुरक्षा के निर्देश, निजी नावों के परिचालन और पटाखों पर प्रतिबंध - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 9 नवंबर 2026

पटना : बिहार में घाटों पर कड़ी सुरक्षा के निर्देश, निजी नावों के परिचालन और पटाखों पर प्रतिबंध

security-for-chhath-ghat-bihar
पटना, 09 नवंबर । बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग (डीएमडी) ने छठ महापर्व (13 से 16 नवंबर) के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश सभी जिलों को दिए हैं। विभाग ने पूजा घाटों और जलाशयों के आसपास पटाखों की बिक्री एवं उन्हें फोड़ने पर प्रतिबंध लगाने तथा नहाय-खाय से सुबह के अर्घ्य तक निजी नावों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। विभाग की ओर से सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर जिलाधिकारियों (डीएम) को खतरनाक घाटों की पहचान कर वहां बैरिकेडिंग कराने तथा पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभाग ने 13 से 16 नवंबर तक छठ घाटों के आसपास पटाखों की बिक्री और उन्हें फोड़ने पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही नहाय-खाय से सुबह के अर्घ्य तक निजी नावों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। बयान में कहा गया है, ''नदी घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों, तैराकों, मोटरबोट और जीवनरक्षक उपकरणों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए। चिकित्सा दल, एंबुलेंस और त्वरित चिकित्सा कार्रवाई दल (क्यूएमआरटी) को भी तैयार रखा जाए।'' निर्देशों में घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, जिला नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रखने तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार जनसूचनाएं प्रसारित करने को भी कहा गया है। बिजली का करंट लगने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी विद्युत प्रतिष्ठानों की पहले से जांच करने का निर्देश दिया गया है। घबराहट और भगदड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन एवं संचार योजनाएं तैयार करने, छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय बैठकें करने और पूरे पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। आपात स्थिति में सहायता के लिए लोग राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के हेल्पलाइन नंबर 0612-2294204/205 पर संपर्क कर सकते हैं या 1070 डायल कर सकते हैं। चार दिवसीय यह पावन पर्व 13 नवंबर को 'नहाय-खाय' के साथ शुरू होगा और 16 नवंबर को संपन्न होगा। यह पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है और दीपावली के छह दिन बाद आता है। इस अवसर पर श्रद्धालु छठी मैया और सूर्य देव की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार एवं संतान की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। पर्व के पहले दिन को 'नहाय-खाय' कहा जाता है। इस दिन श्रद्धालु गंगा एवं अन्य नदियों और तालाबों में पवित्र स्नान करते हैं। दूसरे दिन श्रद्धालु पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को सूर्य तथा चंद्रमा की पूजा-अर्चना करने के बाद अपना व्रत तोड़ते हैं। पर्व के तीसरे दिन को 'पहला अर्घ्य' या 'संध्या अर्घ्य' कहा जाता है। इस दिन व्रती अपने परिवार के सदस्यों के साथ नदी या जलाशय के किनारे पहुंचकर प्रसाद तैयार करते हैं और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। पर्व का समापन चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना करने के साथ होता है।

कोई टिप्पणी नहीं: