- निर्धारित 20 ओवर में दोनों टीमों ने बनाए 143-143 रन, सुपर ओवर में सीहोर ने 12 रन बनाकर दर्ज की शानदार जीत, एलबी शास्त्री ने निखिल क्रिकेट जूनियर को 110 रन से दी शिकस्त
सुपर ओवर में सीहोर ने मारी बाजी
दिन का पहला मुकाबला वीडीसीए सीहोर और केप भोपाल के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी केप भोपाल की टीम 17.4 ओवर में 143 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अभय सिंह ने 45 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि चिरंजीव ने 36 रन, मनन शर्मा ने 15 रन, नितिन ने 11 रन और वेद ने 14 रन का योगदान दिया। वीडीसीए सीहोर की ओर से गेंदबाजी करते हुए पियुष सिंह ने शानदार प्रदर्शन कर तीन विकेट हासिल किए। विशांक शिंदे ने दो विकेट लिए, जबकि सचिन वर्मा और आनंद मेवाड़ा ने एक-एक विकेट चटकाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीडीसीए सीहोर की टीम ने भी निर्धारित मुकाबले में आठ विकेट खोकर 143 रन बनाए। दोनों टीमों का स्कोर बराबर होने के कारण मैच का परिणाम सुपर ओवर से तय किया गया। सुपर ओवर में वीडीसीए सीहोर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 12 रन बनाए। जवाब में केप भोपाल की टीम केवल तीन रन ही बना सकी। इस तरह सीहोर की टीम ने सुपर ओवर के रोमांचक मुकाबले में शानदार जीत अपने नाम की।
एलबी शास्त्री ने 110 रन से जीता मुकाबला
दिन का दूसरा मुकाबला एलबी शास्त्री और निखिल क्रिकेट जूनियर के बीच खेला गया। इसमें एलबी शास्त्री की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी निखिल क्रिकेट जूनियर की टीम एलबी शास्त्री के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। पूरी टीम 109 रन ही बना सकी। इस प्रकार एलबी शास्त्री ने 110 रन के बड़े अंतर से मुकाबला जीत लिया।
आज एकलव्य अकादमी और रेलवे यूथ के बीच मुकाबला
प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि मंगलवार को भी दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच एकलव्य क्रिकेट अकादमी और रेलवे यूथ के बीच होगा। वहीं दोपहर में दूसरा मुकाबला फैथ क्रिकेट अकादमी और इंदौर सीनियर टीम के मध्य खेला जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल टीमें खिताब के लिए अपना दमखम दिखा रही हैं और आने वाले मुकाबलों में भी रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें