पटना : राहुल गांधी संविधान साथ लेकर चलते हैं, लेकिन इसके सिद्धांतों में विश्वास नहीं करते : भाजपा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 14 नवंबर 2026

पटना : राहुल गांधी संविधान साथ लेकर चलते हैं, लेकिन इसके सिद्धांतों में विश्वास नहीं करते : भाजपा

shahnawaj-hussain-attack-rahul-gandhi
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए यह कहने के एक दिन बाद कि कुछ लोग “संविधान को अपनी जेब में लेकर चलते हैं”, भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि गांधी उस पार्टी से आते हैं जिसने आपातकाल लगाकर संविधान की “हत्या” की थी।  बातचीत में, भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मोदी “बिल्कुल सही” थे कि कुछ लोग संविधान को अपनी निजी संपत्ति मानते हैं। उन्होंने कहा, “वे संविधान की लाल रंग की प्रति तो साथ लेकर चलते हैं, लेकिन इसके सिद्धांतों में विश्वास नहीं करते।” हुसैन ने गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार हमला करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने लोकतंत्र के चारों स्तंभों को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा, “उन्होंने संसद की जगह एक प्रतीकात्मक संसद (मॉक पार्लियामेंट) खड़ी कर दी है, चुनाव आयोग पर हमला किया है, उच्चतम न्यायालय के खिलाफ मार्च निकाला और मीडिया के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।” भाजपा नेता ने कहा कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान की “हत्या” की थी, और आरोप लगाया कि विपक्ष में होने के बावजूद वह अब भी संविधान के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने कहा, “फिर भी, वे अपने हाथों और जेबों में संविधान की एक प्रति लिए घूमते रहते हैं।”


पटना में पत्रकारों से बात करते हुए, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि संविधान एक पवित्र दस्तावेज है जिसका सम्मान किया जाना चाहिए और जिसका पालन किया जाना चाहिए, न कि इसे राजनीतिक लाभ के लिए प्रदर्शित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान ने गरीबों को आवाज दी और समाज के वंचित व शोषित वर्गों को मुख्यधारा में लाने की दिशा में काम किया। पासवान ने गांधी द्वारा संविधान की लाल रंग की प्रति अपने साथ रखने और उसे सार्वजनिक मंचों पर दिखाने की आदत पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “संविधान कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे इधर-उधर लहराया जाए; यह सम्मान करने और पालन करने की चीज है।” पासवान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और गांधी परिवार ने न तो कभी संविधान का सम्मान किया और न ही इसके निर्माता आंबेडकर का। कांग्रेस पर संविधान का इस्तेमाल वोट बैंक की राजनीति के लिये करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पूछा, “राहुल गांधी संविधान का सम्मान करने की बात करते हैं, जबकि वे उसे अपनी जेब से निकालकर लहराते हैं। क्या संविधान कोई ऐसी चीज है जिसे जेब में रखा जाए और इधर-उधर लहराया जाए?” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को ‘किसान तक भारत कृषि सम्मेलन’ में राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, “आजकल कुछ लोग अपनी जेब से संविधान निकालते हैं। उन्हें लगता है कि देश का संविधान और लोकतंत्र बस उनकी जेब में ही है।” प्रधानमंत्री ने किसी पार्टी या नेता का नाम लिए बिना कहा, “सरकार में नहीं रहते हुए भी उन्हें सत्ता का अलग ही नशा है।”

कोई टिप्पणी नहीं: