कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस अगले 100 साल तक सत्ता में नहीं लौटेगी : शुभेंदु अधिकारी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 10 नवंबर 2026

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस अगले 100 साल तक सत्ता में नहीं लौटेगी : शुभेंदु अधिकारी

shubhendu-adhikari-attack-tmc
कोलकाता, 10 नवंबर । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर निशाना साधते हुए दावा किया कि राज्य में पार्टी का सफाया हो चुका है और वह अगले 100 साल तक सत्ता में वापस नहीं आएगी। शुभेंदु ने नंदीग्राम के गोकुलनगर में 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन की 19वीं बरसी पर आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए पिछले साल की अपनी उस भविष्यवाणी को याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह 2026 में 10 नवंबर को शहीद दिवस कार्यक्रम में नंदीग्राम लौटेंगे, लेकिन तब तक तृणमूल सत्ता में नहीं रहेगी। उन्होंने कहा, ''पिछले साल मैंने कहा था कि मैं 2026 में यहां आऊंगा, लेकिन आपको भ्रष्ट तृणमूल का नाम और चुनाव चिह्न दोनों नहीं मिलेंगे। क्या मेरी भविष्यवाणी सच नहीं हुई? अब मैं कहता हूं कि तृणमूल अगले 100 साल तक सत्ता में नहीं लौटेगी। इसे लिखकर रख लीजिए।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''जोड़ाफूल और घासफूल दोनों उखाड़ दिए गए हैं। आप अगले 100 साल तक तृणमूल कांग्रेस को दोबारा नहीं देखेंगे।'' शुभेंदु अधिकारी 2020 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने से पहले टीएमसी के प्रमुख नेताओं में शामिल थे। उन्होंने नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी। यह आंदोलन बंगाल की राजनीति में निर्णायक मोड़ साबित हुआ था और 2011 में वाम मोर्चा के 34 साल के शासन के अंत में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। शुभेंदु की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल धड़े के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि पार्टी अपना नाम और चुनाव चिह्न छीनने की ''साजिश'' के खिलाफ लड़ रही है, लेकिन अब आत्ममंथन करने का भी समय है। घोष ने कहा, ''तृणमूल का नाम और चुनाव चिह्न खत्म नहीं हुए हैं। पार्टी के वैध प्रतिनिधियों से उसका नाम और चुनाव चिह्न छीनने की साजिश की जा रही है। हम इस साजिश के खिलाफ लड़ रहे हैं और हमें उम्मीद है कि इसमें जीत हासिल करेंगे। शुभेंदु हमारी पार्टी के कुछ नेताओं के प्रति अपना गुस्सा और बदले की भावना जाहिर करने के लिए ऐसा कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''लेकिन हमें इस बात पर भी आत्ममंथन करना चाहिए कि हमने शुभेंदु अधिकारी जैसे लोगों को अपनी पार्टी में सफलतापूर्वक फूट डालने का मौका क्यों दिया। अपने राजनीतिक विरोधियों पर उंगली उठाने के साथ-साथ हमें अपनी गलतियों पर भी गौर करना चाहिए।'' कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने शुभेंदु अधिकारी की टिप्पणी को ''अहंकार'' करार दिया। चौधरी ने कहा, ''जनता का जनादेश किसी राजनीतिक दल की 'फिक्स्ड डिपॉजिट' नहीं है। लोकतंत्र में जनता ही सत्ता की अंतिम मालिक होती है। कोई भी राजनीतिक दल स्थायी नहीं होता। अतीत में जब कांग्रेस ने गलतियां कीं तो जनता ने उसे नकार दिया। जब वाम मोर्चा लड़खड़ाया तो लोगों ने उसे सत्ता से बाहर कर दिया और टीएमसी की गलतियों पर भी जनता अपना फैसला सुना चुकी है।'' कांग्रेस नेता ने कहा, ''कोई भी सत्तारूढ़ दल, चाहे वह भाजपा हो या कोई अन्य, अहंकारी होने या जनता के जनादेश की अनदेखी करने का जोखिम नहीं उठा सकता, भले ही वह खुद को कितना भी शक्तिशाली क्यों न समझता हो। भारत को चीन या रूस जैसा तानाशाही देश नहीं बनाया जा सकता, जहां चुनाव और लोकतंत्र को दबा दिया जाता है।''

कोई टिप्पणी नहीं: