दिल्ली : युवा ओलंपिक पदक विजेता तन्वी की नजर 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने पर - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 9 नवंबर 2026

दिल्ली : युवा ओलंपिक पदक विजेता तन्वी की नजर 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने पर

tanwi-prepration-for-olympic
नयी दिल्ली, 09 नवंबर । भारत की 15 वर्षीय भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी पत्री ने लगातार चोटों से जूझने के बाद अपनी उम्मीदों को थोड़ा व्यावहारिक बनाया है जहां अगले दो वर्षों में उनका सबसे बड़ा लक्ष्य 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना है। डकार में हुए युवा ओलंपिक में ऐतिहासिक रजत पदक जीतने के बाद तन्वी की नजर एशियाई जूनियर चैंपियनशिप और विश्व जूनियर चैंपियनशिप का खिताब जीतने पर भी है। इसके अलावा वह विश्व रैंकिंग में शीर्ष 30 खिलाड़ियों में जगह बनाना चाहती हैं। लॉस एंजिलिस ओलंपिक में जगह पक्की करने के लिए उन्हें क्वालीफिकेशन की अंतिम तारीख तक विश्व रैंकिंग में शीर्ष 16 में रहना होगा। अपने शुरुआती करियर में तन्वी को घुटने, हैमस्ट्रिंग और हाल ही में पीठ की चोट से जूझना पड़ा है। उन्होंने मीडिया से ऑनलाइन बातचीत में कहा, ''पहले मैं कहती थी कि लॉस एंजिलिस ओलंपिक में अपने देश के लिए पदक जीतना मेरा लक्ष्य है। लेकिन इस साल भी मुझे पीठ में चोट लगी और पिछले साल हैमस्ट्रिंग की चोट से परेशान रही। इसलिए फिलहाल मेरा लक्ष्य ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना और वहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है।'' उन्होंने कहा, ''मुझे पता है कि ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना मुश्किल है, लेकिन मैं इसके लिए अपना पूरा प्रयास करूंगी। अगले साल मेरा लक्ष्य एशियाई अंडर-19 जूनियर चैंपियनशिप और विश्व जूनियर चैंपियनशिप जीतना है।'' ओडिशा की इस युवा खिलाड़ी का प्रदर्शन पिछले महीने हुई विश्व जूनियर चैंपियनशिप में अच्छा नहीं रहा था। उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं थीं। तन्वी का बैडमिंटन सफर चीन में शुरू हुआ था, जहां उनके पिता जूते बनाने वाली एक बड़ी कंपनी में काम करते थे। शुरुआती दिनों में उन्हें चीन के दो कोच शू और वू से प्रशिक्षण मिला। वर्ष 2020 में वह भारत लौट आईं। फिलहाल वह बेंगलुरु स्थित प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन अकादमी में अभ्यास करती हैं। अपने चीन के कोच के योगदान को याद करते हुए तन्वी ने कहा, ''चीन के पहले कोच ने मुझे बैडमिंटन सिखाया था, उनका पिछले साल निधन हो गया। वहां के अपने दूसरे कोच के साथ मैं अब भी संपर्क में हूं। उन्होंने भी मेरी काफी मदद की है। दोनों ने मेरी तकनीक, फुटवर्क और खेलने के अंदाज को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।'' उन्होंने कहा, ''पहले कोच की एक सीख मुझे हमेशा याद रहती है। वह कहते थे कि सबसे पहले अपनी तकनीक पर ध्यान देना चाहिए। एक बार में 100 शटल खेलने के पीछे नहीं भागना चाहिए। पहले अपने एक्शन और तकनीक को सुधारना चाहिए। जब उसमें महारत हासिल हो जाए, तभी धीरे-धीरे आगे बढ़ना चाहिए। जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।'' तन्वी डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसन, चीन के लिन डैन और ताइवान की ताई जु यिंग को अपना आदर्श मानती हैं। वह भी इन दिग्गज खिलाड़ियों जैसी संघर्ष करने की क्षमता और जुझारूपन विकसित करना चाहती हैं। उन्होंने कहा, '' मुझे खेल में उनका रवैया और खेलने का अंदाज पसंद है। पिछड़ने के बावजूद वे आसानी से अंक नहीं गंवाते और हर अंक के लिए पूरा प्रयास करते हैं। उनके शॉट्स में आत्मविश्वास और सटीकता होती है। वे कोर्ट पर हमेशा धैर्य बनाए रखते हैं और अंक हासिल करने की जल्दबाजी नहीं करते।'' तन्वी ने कहा कि उन्हें इन खिलाड़ियों का खेल के साथ उनका सकारात्मक और संघर्षपूर्ण रवैया भी काफी प्रेरित करता है।

कोई टिप्पणी नहीं: