श्रीनगर, 11 नवंबर । जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में घने पेड़ों के झुंड से निकले हथियारों से लैस दो आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक चौकी पर बुधवार को गोलीबारी की जिससे तीन जवान घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराह्न लगभग दो बजकर 15 मिनट पर मीर बाजार के निकट हुए इस हमले के बाद दोनों हमलावर जंगल की ओर भाग गए। मीर बाजार श्रीनगर से लगभग 75 किलोमीटर दूर और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से केवल एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार आतंकवादी मोटरसाइकिल से आए थे। हालांकि, सेना और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए तलाश अभियान के दौरान की गई जांच में पुष्टि हुई कि हमले में किसी दोपहिया वाहन का इस्तेमाल नहीं किया गया था। घटना का विवरण देते हुए अधिकारियों ने बताया कि दो व्यक्ति लगभग 50 मीटर दूर स्थित जंगल वाले इलाके से पैदल चलकर जांच चौकी के निकट पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि एक आतंकवादी ने गोलीबारी शुरू कर दी, जबकि उसका साथी 'कवर फायरिंग' करता रहा। इसके बाद दोनों आतंकवादी उसी पेड़ों से घिरे रास्ते से पैदल ही नौपुर की ओर भाग गये। एक अधिकारी ने कहा, ''इस इलाके में घनी झाड़ियां और पेड़-पौधे हैं, जिनकी आड़ का इस्तेमाल आतंकवादियों ने हमले से पहले और बाद में छिपने के लिए किया।'' उन्होंने कहा कि मौके से मोटोरोला कंपनी का एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया है। हमलावरों की पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। सुरक्षा एजेंसियों को हालांकि प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट की संलिप्तता का संदेह है। वह इससे पहले जुलाई में शोपियां में चलाये गये सुरक्षा अभियान के दौरान बचकर निकल गया था। घायल जवानों को घटनास्थल से लगभग 22 किलोमीटर दूर पड़ोसी अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में तत्काल पहुंचाया गया। घटनास्थल से सामने आए दृश्यों में चिकित्सा कर्मचारियों को स्ट्रेचर पर लाये गये घायलों की मदद के लिए तेजी से जुटते देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक जवान के पेट में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर है, जबकि अन्य दो अपेक्षाकृत मामूली रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि गोली एक जवान की बांह में लगी, जबकि दूसरे के पैर में लगी है। हमले के तुरंत बाद इलाके में अतिरिक्त अवरोधक लगाए गए। एंबुलेंस के सायरन बजने और लाउडस्पीकर से स्थानीय लोगों को घरों के अंदर रहने की अपील किए जाने के बीच अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गये। घटनास्थल के पास बख्तरबंद वाहनों में सुरक्षा कर्मियों को भी देखा गया। जांचकर्ता इलाके की दुकानों समेत विभिन्न स्थानों की सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाल रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हमलावर कहां से आए थे। फुटेज में दुकानें बंद दिखाई दे रही हैं। इसमें गोलियों की ताबड़तोड़ आवाज और कुछ लोगों के चिल्लाने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। सीआरपीएफ के घायल जवानों को बंदूकधारियों की ओर तेजी से बढ़ते हुए देखा जा सकता है। एक अधिकारी ने कहा कि इलाके में संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को विशेष खुफिया जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा, ''मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता और त्वरित जवाबी कार्रवाई से आतंकवादियों की साजिशों को नाकाम कर दिया गया। इससे वे बड़े पैमाने पर जनहानि या नुकसान पहुंचाने में सफल नहीं हो सके।'' उन्होंने कहा कि हमलावर अपने मंसूबों में नाकाम रहे और उन्हें बिना उद्देश्य पूरा किए पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार यह हमला क्षेत्र में सक्रिय आतंकी संगठनों की बढ़ती हताशा और बेचैनी को दर्शाता है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और इलाके में मजबूत निगरानी एवं नियंत्रण के कारण आतंकी संगठनों के लिए हमलों को अंजाम देना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। मौके पर तैनात हमारे सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता और पेशेवर ढंग से की गई जवाबी कार्रवाई ने एक बड़ी घटना को टाल दिया। इसके लिए वे प्रशंसा के पात्र हैं।'' जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी कुलगाम में मौजूद थे, लेकिन वह हमले वाली जगह के निकट नहीं थे। यह इलाका पीर पंजाल पर्वतमाला के नजदीक स्थित है, जो कुलगाम को जम्मू संभाग के रामबन, रियासी और राजौरी जिलों से जोड़ती है। गत 31 जुलाई को कुलगाम में एक ईंट भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की हत्या कर दी गई थी। जुलाई में ही आतंकवादियों ने पड़ोसी अनंतनाग शहर में एक पुलिसकर्मी की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने सीआरपीएफ के घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और केंद्र शासित प्रदेश की सुरक्षा स्थिति को लेकर उपराज्यपाल प्रशासन की आलोचना की। क्षेत्र में शांति होने के दावों पर सवाल उठाते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष ने कहा कि कानून-व्यवस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी संभालने वाले उपराज्यपाल प्रशासन को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खात्मे के दावों के बावजूद हिंसा की घटनाएं लगातार हो रही हैं। मौजूदा रणनीति की समीक्षा की मांग करते हुए अब्दुल्ला ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की मौजूदा खामियों को दूर करने और स्थानीय समुदायों को सक्रिय रूप से साथ जोड़कर एक मजबूत सुरक्षा तंत्र विकसित करने का आग्रह किया, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी आतंकी हमले की निंदा की। पीडीपी ने अपने 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट किया, ''पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले की कड़ी निंदा करती हैं। हिंसा के ऐसे कृत्य अस्वीकार्य हैं और इनकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए।'' पूर्व मुख्यमंत्री ने घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बुधवार, 11 नवंबर 2026
श्रीनगर : कश्मीर में आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की जांच चौकी पर गोलीबारी की, तीन जवान घायल
Tags
# देश
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
देश
Labels:
देश
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें