दिल्ली : यमुना में 350 किलोमीटर के दायरे में संकटग्रस्त कछुए के अंडे देने के 80 स्थान मिले - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 28 नवंबर 2026

दिल्ली : यमुना में 350 किलोमीटर के दायरे में संकटग्रस्त कछुए के अंडे देने के 80 स्थान मिले

turtle-in-yamuna
नई दिल्ली। यमुना नदी के 350 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में किए गए सर्वेक्षण में नदी के भीतर बने 12 टापुओं और रेतीले तटों पर संकटग्रस्त भारतीय 'नैरो-हेडेड सॉफ्टशेल' कछुए के अंडे देने के 80 सक्रिय स्थानों की पहचान की गई है। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) ने यह जानकारी दी। मानसून के बाद किया गया यह सर्वेक्षण एनएमसीजी और उत्तर प्रदेश वन विभाग के सहयोग से 'वाइल्डलाइफ सर्वाइवल अलायंस फाउंडेशन इंडिया' तथा आगरा, फिरोजाबाद और इटावा के वन प्रभागों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। एनएमसीजी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "भारतीय नैरो-हेडेड सॉफ्टशेल कछुआ (चित्रा इंडिका) गंगा बेसिन में पाया जाने वाला सबसे बड़ा नरम खोल वाला कछुआ है। इसकी लंबाई एक मीटर से अधिक हो सकती है और एक मादा कछुआ एक बार में एक स्थान पर 90 से 100 अंडे तक रेत में दबा सकती है। यह कछुआ संकटग्रस्त भी है, इसलिए इसका हर प्रजनन स्थल महत्वपूर्ण है।" कछुओं के अंडे देने के स्थानों के अलावा, टीम ने 19 गंगा डॉल्फिन, 13 घड़ियाल और मीठे पानी में पाए जाने वाले कछुओं तथा पक्षियों की कई प्रजातियों को भी दर्ज किया। इसमें कहा गया है, "चंबल को लंबे समय से नदी में पाए जाने वाले कछुओं के लिए एक सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में जाना जाता रहा है। यह सर्वेक्षण दर्शाता है कि यमुना भी इसी पहचान की हकदार है, क्योंकि इसके रेतीले तट इस लुप्तप्राय प्रजाति के लिए प्रजनन का एक महत्वपूर्ण स्थल बने हुए हैं।"

कोई टिप्पणी नहीं: