दिल्ली : यमुना का 60 प्रतिशत हिस्सा साफ, बाकी हिस्से पर काम जारी : रेखा गुप्ता - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 26 नवंबर 2026

दिल्ली : यमुना का 60 प्रतिशत हिस्सा साफ, बाकी हिस्से पर काम जारी : रेखा गुप्ता

yamuna-clean-claim-rekha-gupta
नई दिल्ली।  मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में यमुना का 60 प्रतिशत हिस्सा साफ किया जा चुका है और नदी के शेष हिस्से को स्वच्छ बनाने का काम जारी है। गुप्ता ने ब्रह्मस्थानम महोत्सव को संबोधित करते हुए आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी के परोपकारी कार्यों और जरूरतमंदों की मदद के प्रयासों की सराहना की। उन्हें अम्मा के नाम से जाना जाता है। इस दौरान ‘अमृता श्री’ स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम को शुरू किया गया। गुप्ता ने कहा, ''अम्मा ने मुझसे कहा था कि यमुना को साफ किया जाना चाहिए। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया था कि यमुना को साफ किया जाएगा। मुझे खुशी है कि यमुना का 60 प्रतिशत हिस्सा स्वच्छ हो चुका है और शेष 40 प्रतिशत हिस्से की सफाई का काम पूरी तेजी से जारी है।'' उन्होंने कहा कि अम्मा ने दिल्ली की अगली यात्रा के दौरान यमुना का दौरा करने का वादा किया है। गुप्ता ने कहा कि ‘अमृता श्री’ कार्यक्रम के माध्यम से 21 राज्यों में 15,000 से अधिक स्वयं सहायता समूहों के जरिए लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को आजीविका के साधन उपलब्ध कराने, छोटे उद्यमों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने में सहायक होगी। मुख्यमंत्री ने कहा सि ’अमृता श्री’ जैसे कार्यक्रम महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने और अपने भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देते हैं। इससे पहले सोमवार को दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी दावा किया था कि यमुना का 60 प्रतिशत हिस्सा साफ हो चुका है और इसका पानी अब पीने योग्य है। उन्होंने कहा था कि पूरी नदी को 2029 या 2030 तक साफ कर दिया जाएगा। सिरसा ने पिछले दो वर्षों में सफाई अभियान में सहयोग के लिए गुप्ता और केंद्र सरकार को श्रेय दिया था। उन्होंने कहा था कि यह काम चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है और एक हिस्से की सफाई पूरी होने के बाद अगले हिस्से पर काम शुरू किया जा रहा है। यमुना का करीब 52 किलोमीटर हिस्सा दिल्ली से होकर गुजरता है। इसमें से लगभग 22 किलोमीटर का हिस्सा वजीराबाद और ओखला बैराज के बीच घनी आबादी वाले इलाकों से गुजरता है, जहां सीवेज के पानी के नदी में गिरने के कारण प्रदूषण का स्तर काफी अधिक है। यमुना हरियाणा की सीमा से लगे पल्ला के पास दिल्ली में प्रवेश करती है और उत्तर प्रदेश की ओर बहती हुई राजधानी से बाहर निकल जाती है। यमुना की सफाई 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख चुनावी वादों में से एक थी। गुप्ता सरकार ने मौजूदा सीवेज शोधन संयंत्रों (एसटीपी) के उन्नयन, 39 विकेंद्रीकृत एसटीपी स्थापित करने और नदी में गंदा पानी ले जाने वाले नालों को रोकने सहित कई कदम उठाए हैं। इस काम के लिए केंद्र सरकार वित्तीय सहायता दे रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: