कानपुर के कल्याणपुर इलाके में एक 13 साल की कक्षा छह की छात्रा के साथ पांच लड़कों द्वारा बलात्कार किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में पांचों लड़कों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है तथा उनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया है, इस छात्रा के साथ बलात्कार करने वाले मोहल्ले के ही लड़के थे। कल्याणपुर इलाके के सर्किल आफिसर शैलेन्द्र लाल ने बताया कि नयी बस्ती बैरी की रहने वाली 13 वर्षीय लड़की कक्षा छह की छात्रा है। यह रविवार सुबह अपने घर से गायब हो गयी और इसका पता नहीं चला। घर वालों ने काफी ढूंढ़ने की कोशिश की लेकिन पता नहीं चला। कल रात जब यह लड़की बदहवास अवस्था में घर लौटी तो इसने बताया कि वह दवा लेने जा रही थी तभी इलाके के इरशाद उर्फ टुन्ना ने अपने चार साथियों के साथ उसे कुछ नशीला पदार्थ सुंघाया जिससे वह बेहोश हो गयी फिर वे उसे लेकर कहीं चले गये। जहां इन सभी ने उसके साथ बलात्कार किया।
पुलिस ने लड़की को मेडिकल जांच के लिये भेज दिया तथा लड़की ने जिस इरशाद उर्फ टुन्ना का नाम बताया था उसको गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ कर उसके तीन अन्य साथियों नफीस, शाह आलम और परवेज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गिरफ्त से वह वैन चालक अभी दूर है जिसकी वैन का इस्तेमाल इन लोगों ने लड़की को ले जाने में किया था। पुलिस उसकी तलाश में भी छापे मार रही है।
पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत पर पांचों युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है तथा पांचवें व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिये जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें