सीहोर : भोपाल नाका पर 22 फरवरी को होगा राजा भोज की प्रतिमा का अनावरण - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 20 फ़रवरी 2026

सीहोर : भोपाल नाका पर 22 फरवरी को होगा राजा भोज की प्रतिमा का अनावरण

Raja-bhoj-statue-sehore
सीहोर। नगर के भोपाल नाका चौराहे पर 22 फरवरी को दोपहर 12 बजे परमार वंश के महान शासक राजा भोज की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया जाएगा। यह कार्यक्रम सीहोर नगर पालिका परिषद एवं समस्त परमार समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर पिछले 15 दिनों से लगातार तैयारियां चल रही हैं और समाजजन घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र वितरित कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, मंत्री इंदर सिंह परमार, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय तथा नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर सहित सीहोर व शाजापुर जिले से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और समाजजन शामिल होंगे।


भोपाल नाका चौराहे पर स्थापित की जा रही राजा भोज की प्रतिमा प्रदेश के गौरव और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक मानी जा रही है। आयोजकों का कहना है कि राजा भोज ने अपने शासनकाल में शिक्षा, संस्कृति, जल प्रबंधन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए थे। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों की प्रेरणा देती रहेगी। प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने पर परमार समाज द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के प्रति आभार भी व्यक्त किया जाएगा। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए मंच, स्वागत द्वार, सजावट और सुरक्षा व्यवस्था की विशेष तैयारियां की गई हैं। अनावरण समारोह के पश्चात मुरली स्थित राजा भोज मैरिज गार्डन में समाजजन एवं आमंत्रित अतिथियों के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया जाएगा।  वार्ड 7 के पार्षद हेमलता विजेंद्र परमार और आयोजन के व्यवस्थापक व समिति के सदस्य विमल परमार ने नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित उपस्थित होकर प्रदेश के लाल राजा भोज की प्रतिमा के लोकार्पण कार्यक्रम को सफल बनाएं।

कोई टिप्पणी नहीं: