सीहोर : शिव महापुराण में उमड़ा भक्ति का महासागर, श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे छोटे पड़े पंडाल - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 2 अगस्त 2026

सीहोर : शिव महापुराण में उमड़ा भक्ति का महासागर, श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे छोटे पड़े पंडाल

  • अग्रवाल महिला मंडल ने मिलन गार्डन परिसर में लगाए अतिरिक्त पंडाल, भजनों पर जमकर झूमे शिवभक्त
  • सच्ची श्रद्धा, नियम और विश्वास के साथ शिव आराधना करने से जीवन के सारे दुख और बुरे कर्म दूर हो जाते-कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा

Sehore-shiv-maha-puran
भैरुंदा/सीहोर। नगर के मिलन गार्डन में अग्रवाल महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन रविवार को भक्ति का महासागर उमड़ पड़ा। कथा श्रवण के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के कारण मुख्य पंडाल भी छोटा पड़ गया। इसे देखते हुए आयोजन समिति द्वारा मिलन गार्डन परिसर में अतिरिक्त पंडाल लगाकर श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई। शिव महापुराण आरंभ होने से पूर्व ही कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की कतारें दिखाई दीं। जैसे-जैसे कथा का समय नजदीक आया, पूरा परिसर शिवभक्तों से खचाखच भर गया। कथा के दौरान भगवान शिव के भजनों की प्रस्तुति हुई, जिस पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर जमकर झूमते नजर आए। पूरे परिसर में हर-हर महादेव और भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।


शिव आराधना से बदल सकता है भाग्य-पंडित राघव मिश्रा

कथा के तीसरे दिन कथा व्यास पंडित राघव मिश्रा ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान शिव की आराधना करने वाला भक्त कभी निराश नहीं होता। भगवान भोलेनाथ अपने प्रत्येक भक्त की पुकार सुनते हैं। भोलेनाथ की भक्ति में इतनी शक्ति है कि वे किसी भी मनुष्य के जीवन की दिशा बदल सकते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि भगवान शिव पर अटूट विश्वास रखते हुए नियमित रूप से उनकी आराधना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिव भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के विचार, व्यवहार और कर्मों को भी सकारात्मक दिशा देती है। शिव महापुराण की कथा और भगवान शिव की भक्ति में मनुष्य के भाग्य और कर्मों के लेख को बदलने की शक्ति है। यदि व्यक्ति सच्ची श्रद्धा, नियम और विश्वास के साथ भगवान शिव की आराधना करता है तो उसके जीवन के दुख और नकारात्मक कर्मों का प्रभाव कम होता है तथा उसे जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को भगवान शिव की भक्ति के साथ अपने कर्मों को भी श्रेष्ठ बनाना चाहिए। केवल भगवान से सुख की कामना करने के बजाय जीवन में सेवा, सदाचार, सत्य और परोपकार को अपनाना चाहिए। अच्छे कर्मों के साथ की गई भक्ति मनुष्य के जीवन को सार्थक बनाती है।


भजनों पर झूमे शिवभक्त

शिव महापुराण कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा से जुड़े भजनों की प्रस्तुति ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। कथा पंडाल में बैठे श्रद्धालु भजनों में इस तरह रम गए कि कई श्रद्धालु हाथों में हाथ उठाकर और जयकारे लगाते हुए भक्ति में झूमते दिखाई दिए। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मिलन गार्डन गूंज उठा।


श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए लगाए अतिरिक्त पंडाल

अग्रवाल महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय शिव महापुराण कथा के पहले दिन से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। तीसरे दिन श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ गई। मुख्य पंडाल में जगह कम पड़ने के कारण आयोजन समिति ने तत्काल अतिरिक्त पंडाल लगाकर श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। समिति के सदस्यों एवं सेवादारों द्वारा कथा स्थल पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है।


आज होगा भगवान गणेश जन्मोत्सव का वर्णन

शिव महापुराण में सोमवार को आगामी प्रसंग में भगवान गणेश जन्मोत्सव का वर्णन किया जाएगा। भगवान गणेश के जन्म की कथा और उनके स्वरूप, महिमा एवं भगवान शिव से जुड़े प्रसंगों को कथा व्यास पंडित राघव मिश्रा श्रद्धालुओं के बीच प्रस्तुत करेंगे। गणेश जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। अग्रवाल महिला मंडल ने नगर एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पहुंचकर शिव महापुराण का श्रवण करने तथा भगवान शिव की भक्ति का लाभ लेने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं: