मधुबनी : पौधा मेरा, जिम्मेदारी मेरी: डामू विद्यालय की अनोखी पहल - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 25 अगस्त 2026

मधुबनी : पौधा मेरा, जिम्मेदारी मेरी: डामू विद्यालय की अनोखी पहल

  • आज का पौधा ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार :  डीपीओ आनंद अंकित

Tree-planting-madhubani
मधुबनी, 25 अगस्त (रजनीश के झा) । उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डामू, बासोपट्टी एवं जिला गंगा समिति ‘नमामि गंगे’, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में फलदार एवं फूलदार पौधे लगाए गए तथा छात्र-छात्राओं को पौधों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय की विशिष्ट शिक्षिका सोनी कुमारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र अपने नाम से एक-एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं ले। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण उसके संरक्षण का दायित्व निभाना भी है। उन्होंने कहा कि जिस छात्र का लगाया हुआ पौधा अगले एक वर्ष तक सुरक्षित एवं स्वस्थ रहेगा, उसे विद्यालय एवं जिला गंगा समिति ‘नमामि गंगे’, मधुबनी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल से बच्चों में पौधों के प्रति अपनत्व की भावना विकसित होगी तथा वे पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।


विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. एहसान अहमद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “एक पेड़ सौ पुत्र के समान होता है।” उन्होंने कहा कि एक पेड़ का महत्व हमारे जीवन में अत्यंत बड़ा है। पेड़ हमें शुद्ध वायु, फल, छाया एवं स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण करने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर डीपीओ, नमामि गंगे आनंद अंकित ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी या सामाजिक संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा अपने नाम से पौधे लगाना और उनकी देखभाल का संकल्प लेना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि “आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, स्वस्थ वातावरण और सुरक्षित भविष्य का आधार बनेगा। पौधरोपण तभी सफल होगा, जब हम पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएंगे।” उन्होंने कहा कि जिला गंगा समिति ‘नमामि गंगे’ द्वारा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालयों में बच्चों की सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक फलदार एवं फूलदार पौधों का रोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण और पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया।

कोई टिप्पणी नहीं: